कर्नाटक के चिकमंगलूर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। शृंगेरी कस्बे में एक मुस्लिम युवक अब्दुल समद ने अपनी पहचान छिपाने के लिए नाम बदलकर रमेश रख लिया और इसी नाम से फर्जी आधार कार्ड भी बनवा लिया। इसी आधार कार्ड का इस्तेमाल करते हुए वह एक हिंदू महिला के साथ मठ के लॉज में ठहरने की कोशिश कर रहा था।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मठ के कर्मचारियों को दोनों की पहचान पर संदेह हुआ। जब उन्होंने जाँच की तो युवक की असली पहचान उजागर हो गई। पता चला कि युवक मुस्लिम है और उसका वास्तविक नाम अब्दुल समद है। इस खुलासे के बाद कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस मौके पर पहुँची और युवक सहित महिला को भी हिरासत में ले लिया। जाँच में सामने आया कि अब्दुल समद ने महिला को अपनी पत्नी बताकर लॉज में कमरा लिया था। अब्दुल समद चिकमंगलूर जिले के एनआर पुरा तालुका के बालेहोन्नूर का रहने वाला है। वह पिछले 4–5 सालों से इस हिंदू महिला के साथ रिलेशनशिप में रह रहा था।
पुलिस अब इस बात की तहकीकात कर रही है कि फर्जी आधार कार्ड किस तरह से बनवाया गया और इसका इस्तेमाल अन्य जगहों पर भी किया गया या नहीं। इस संबंध में शृंगेरी थाने में केस दर्ज कर लिया गया है और दोनों से गहन पूछताछ की जा रही है।