असम के मशहूर गायक जुबीन गर्ग के निधन की खबर ने पूरे राज्य और देशभर के उनके चाहने वालों को गहरे सदमे में डाल दिया है। जुबीन के अचानक चले जाने से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उनकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं उनके लाखों फैंस इस खबर को सुनकर पूरी तरह टूट गए हैं। असम और पूरे देश में जुबीन के निधन का शोक वातावरण साफ महसूस किया जा सकता है।
इस बीच जुबीन के एक फैन ने सदमे में खौफनाक कदम उठा लिया। सरायघाट पुल से ब्रह्मपुत्र नदी में कूदकर आत्महत्या की कोशिश की। वायरल वीडियो में युवक नदी में छलांग लगाने से पहले पुल पर बैठा दिखाई देता है। उसने अपनी कमीज़ फाड़ते हुए “जोत जुबीन दा” कहा और फिर पानी में कूद गया। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई और वह नदी किनारे बेहोशी की हालत में मिला। SDRF की टीम ने युवक की तलाश शुरू कर दी थी।
जुबीन गर्ग की मौत से कई फैंस गहरे सदमे में हैं। कुछ तो इस हद तक टूट गए कि उनकी जान पर बन आई। जानकारी के मुताबिक, माजुली के 18 वर्षीय युवक ने फिनाइल पीकर आत्महत्या की कोशिश की। उसे तुरंत गरमूर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। वहीं खबर है कि जुबीन के निधन की सूचना मिलने के बाद दो लोगों की मौत हार्ट अटैक से भी हो गई।
ये घटनाएं इस बात का सबूत हैं कि जुबीन गर्ग असम ही नहीं, बल्कि पूरे पूर्वोत्तर भारत के युवाओं के दिलों की धड़कन थे। उनकी लोकप्रियता और फैंस का उनसे जुड़ाव इतना गहरा था कि उनके निधन ने लोगों के दिलों को झकझोर दिया है। उनके चाहने वाले अभी भी यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि उनका प्रिय गायक अब इस दुनिया में नहीं है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel