उत्तर प्रदेश के बागपत जिले से एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। खेकड़ा कोतवाली क्षेत्र के डुंडाहेड़ा गांव में स्कूल जा रही एक नाबालिग छात्रा को दो युवकों ने अगवा कर लिया। आरोपियों ने छात्रा को एक मकान में ले जाकर कमरे के भीतर पलंग (बेड) के अंदर छिपा दिया और बाहर से ताला जड़ दिया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुँची पुलिस ने तत्काल मकान का ताला तोड़कर छात्रा को सुरक्षित बाहर निकाला और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
बाइक पर आए, बेहोश कर किया अगवा
छात्रा के परिजनों ने बताया कि वे उसे रोज़ की तरह स्कूल छोड़कर घर लौट आए थे। इसके बाद उन्हें जानकारी मिली कि उनकी बेटी को भट्टा बस्ती के एक मकान में ले जाया गया है। छात्रा ने पुलिस को बताया कि जब वह फखरपुर गांव के रास्ते पर थी, तभी दो बाइक सवार युवक आए। उनमें से एक को वह जानती थी। उन्होंने उसके मुंह पर कुछ लगाया, जिससे वह बेहोश हो गई। इसके बाद दोनों आरोपियों ने उसे कमरे में बंद कर दिया और बेड के अंदर छिपा दिया।
पुलिस ने तोड़ा ताला, सुरक्षित निकाली छात्रा
छात्रा के दादा ने बताया कि लड़की को स्कूल छोड़ा था, लेकिन कुछ देर बाद वह बेहोश हालत में मिली। पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मकान का ताला तोड़ा और तलाशी के दौरान छात्रा को बेड के अंदर से बरामद किया। बागपत एसपी सूरज कुमार राय ने बताया कि 29 सितंबर 2025 को थाना खेकड़ा पुलिस को सूचना मिली थी कि दो युवकों ने एक नाबालिग का अपहरण कर लिया है। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस ने छात्रा को सुरक्षित बचाया।
आरोपियों को किया गिरफ्तार, आज कोर्ट में पेश
पुलिस ने इस मामले में दोनों नामजद आरोपियों — सागर और साहिद — को गिरफ्तार कर लिया है। उनके खिलाफ अपहरण और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।
सामाजिक संगठनों ने की कठोर कार्रवाई की मांग
इस घटना के बाद सामाजिक संगठनों ने आरोपियों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है। वहीं छात्रा के परिजनों ने पुलिस की तत्परता की सराहना की, जिसकी बदौलत बच्ची की जान बच सकी। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अपहरण के पीछे आरोपियों का मकसद क्या था और कहीं इसमें कोई और व्यक्ति तो शामिल नहीं है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel