लोक आस्था के महापर्व छठ का आज (28 अक्टूबर 2025) उदीयमान सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही शुभ समापन हो गया। चार दिवसीय इस पवित्र अनुष्ठान के अंतिम दिन देशभर के छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। राँची, पटना, लखनऊ से लेकर दिल्ली तक के घाटों पर सुबह-सुबह से ही व्रती और श्रद्धालु एकत्रित होने लगे। व्रतियों ने पानी में खड़े होकर भगवान भास्कर (सूर्य देव) को अर्घ्य अर्पित किया और अपने 36 घंटे के निर्जला उपवास को पूरा किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस पावन अवसर पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने सभी व्रतियों और श्रद्धालुओं का हृदय से अभिनंदन करते हुए कामना की कि छठी मइया की कृपा से सभी का जीवन प्रकाश और समृद्धि से आलोकित रहे।
भगवान सूर्यदेव को प्रात:कालीन अर्घ्य के साथ आज महापर्व छठ का शुभ समापन हुआ। चार दिवसीय इस अनुष्ठान के दौरान छठ पूजा की हमारी भव्य परंपरा के दिव्य दर्शन हुए। समस्त व्रतियों और श्रद्धालुओं सहित पावन पर्व का हिस्सा बने अपने सभी परिवारजनों का हृदय से अभिनंदन! छठी मइया की असीम कृपा से…
— Narendra Modi (@narendramodi) October 28, 2025
घाटों पर भव्य दृश्य देखने को मिला। हर तरफ रंग-बिरंगी रोशनी, दीपों और सजावट से माहौल अलौकिक बना हुआ था। छठ गीतों की मधुर ध्वनि से पूरा वातावरण भक्ति और उत्साह से भर गया।
पारंपरिक घाटों के अलावा, कई शहरी इलाकों में लोगों ने अपनी छतों और बालकनियों से भी सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया। व्रत खोलने से पहले व्रतियों ने श्रद्धा और कृतज्ञता के साथ छठ प्रसाद — जिसमें ठेकुआ, फल और अन्य प्रसाद शामिल थे — ग्रहण किया। इस तरह आस्था, अनुशासन और पर्यावरण के संतुलन का प्रतीक यह पर्व श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel