मध्य प्रदेश सरकार ने आरक्षण को लेकर विवादित टिप्पणी करने वाले वरिष्ठ IAS अधिकारी संतोष वर्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। सरकार ने पहले उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया और फिर बुधवार (26 नवंबर 2025) की रात तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। संतोष वर्मा 2011 बैच के अधिकारी हैं और निलंबन से पूर्व वे कृषि एवं किसान कल्याण विभाग में उप सचिव के पद पर कार्यरत थे।
कैसे शुरू हुआ विवाद?
22 नवंबर 2025 को भोपाल में आयोजित एक साहित्यिक कार्यक्रम में बोलते हुए संतोष वर्मा ने आरक्षण नीति पर विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा था कि आरक्षण व्यवस्था अब अपने मूल उद्देश्यों को पूरा कर चुकी है और इसे राजनीतिक एजेंडा के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
मध्य प्रदेश सरकार ने आईएएस अफसर संतोष वर्मा को दिया नोटिस, ब्राह्मण समाज को लेकर की थी अभद्र टिप्पणी, जिस पर पूरे प्रदेश में हंगामा हो रहा है @VistaarNews pic.twitter.com/GoI3esa4CD
— Brajesh Rajput (@drbrajeshrajput) November 26, 2025
सोशल मीडिया पर उनका एक और बयान वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने कहा, “आरक्षण एक ही परिवार में दो लोगों को नहीं मिलना चाहिए, जब तक कि कोई ब्राह्मण अपनी बेटी मेरे बेटे को न दे दे।” इस टिप्पणी के बाद ब्राह्मण समाज के साथ-साथ एससी-एसटी और ओबीसी संगठनों में भी भारी नाराजगी फैल गई। इसके बाद भोपाल में वल्लभ भवन के बाहर बड़ी संख्या में लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुतले जलाए और संतोष वर्मा के खिलाफ एससी/एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की मांग की। कई पोस्टर्स पर लिखा था—‘संविधान से खिलवाड़ नहीं चलेगा’ और ‘अधिकारी संविधान नहीं बदल सकते।’
सरकार की सख्त कार्रवाई
बढ़ते विवाद को देखते हुए सरकार ने तुरंत कारण बताओ नोटिस जारी किया, जिसमें कहा गया कि संतोष वर्मा का बयान सामाजिक सौहार्द को प्रभावित करता है और अखिल भारतीय सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन है। नोटिस में उन्हें सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया था और चेतावनी दी गई थी कि जवाब न मिलने पर एकतरफा कार्रवाई की जाएगी।
हालांकि विवाद लगातार बढ़ता गया, जिसके चलते सरकार ने देर रात सीधी कार्रवाई करते हुए उन्हें निलंबित कर दिया। सामान्य प्रशासन विभाग ने इसका औपचारिक आदेश जारी किया।
यह भी उल्लेखनीय है कि यह पहला अवसर नहीं है जब संतोष वर्मा अनुशासनात्मक कार्रवाई का सामना कर रहे हों। वे पूर्व में भी कई विवादों में फंस चुके हैं और एक मामले में जेल भी जा चुके हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel