दिल्ली पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने फर्जी सरकारी नौकरी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए एक बड़े भर्ती घोटाले को नाकाम कर दिया है। IFSO (इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस) यूनिट ने कार्रवाई करते हुए भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) विभाग के नाम पर फर्जी भर्तियां निकालने वाले गिरोह का खुलासा किया है। इस मामले में पुलिस ने गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस के अनुसार, आरोपी संस्कृति मंत्रालय के अधीन एएसआई के नाम पर एक नकली वेबसाइट बनाकर फर्जी भर्ती प्रक्रिया चला रहे थे। उन्होंने एएसआई में 7 क्यूरेटर और 84 जूनियर असिस्टेंट पदों के लिए फर्जी वैकेंसी निकाली थी। ठगों ने हूबहू सरकारी वेबसाइट जैसी दिखने वाली साइट तैयार की और कॉलेज ग्रुप्स, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए इसके लिंक व्यापक स्तर पर वायरल किए।
इस फर्जी भर्ती अभियान के झांसे में सैकड़ों बेरोजगार युवा आ गए थे और उन्होंने नौकरी की उम्मीद में आवेदन भी किया। आरोपियों ने अपनी योजना को और विश्वसनीय बनाने के लिए जयपुर के एक नामी परीक्षा केंद्र में बाकायदा लिखित परीक्षा भी आयोजित कराई। इसके बाद लिखित परीक्षा पास करने वाले अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के नाम पर बुलाकर मोटी रकम वसूलने की तैयारी थी।

हालांकि, इंटरव्यू से पहले ही दिल्ली पुलिस की IFSO यूनिट को इस रैकेट की भनक लग गई। समय रहते की गई कार्रवाई में पुलिस ने पूरे फर्जी भर्ती गिरोह को धराशायी कर दिया और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिससे सैकड़ों युवाओं को ठगी का शिकार होने से बचा लिया गया।
पुलिस ने बताया कि इस रैकेट का मुख्य आरोपी कुलदीप है, जो राजस्थान के जयपुर का रहने वाला है और उसकी उम्र 30 साल है। वह बी.कॉम पास है और एलएलबी की पढ़ाई कर रहा था। दूसरा आरोपी पियूष है, जिसकी उम्र 25 साल है और वह भी जयपुर का निवासी है। पियूष पेशे से वेब डेवलपर है और उसके पास कंप्यूटर साइंस में बी.टेक की डिग्री है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, एक डेस्कटॉप कंप्यूटर, एक आईपैड, एक टैबलेट और कई बैंक पासबुक बरामद की हैं। दिल्ली पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस रैकेट से और कितने लोग जुड़े थे तथा देशभर में कितने युवाओं को निशाना बनाया गया।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel