थाईलैंड और कंबोडिया के बीच जारी सैन्य तनाव के बीच कंबोडिया में भगवान विष्णु की एक मूर्ति को गिराए जाने की घटना सामने आई है। इस मामले पर भारत ने कड़ी प्रतिक्रिया दर्ज कराई है और इसे दुनियाभर के श्रद्धालुओं की आस्था को ठेस पहुंचाने वाला बताया है।
विदेश मंत्रालय (MEA) के अनुसार, यह घटना सोमवार, 24 दिसंबर 2025 को कंबोडिया के आन सेस क्षेत्र में हुई। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि वर्ष 2014 में स्थापित भगवान विष्णु की मूर्ति को थाईलैंड की सेना ने ध्वस्त कर दिया। थाईलैंड इस इलाके को अपना क्षेत्र बताता है और इसी सीमा विवाद के चलते कंबोडिया द्वारा मूर्ति स्थापित किए जाने पर कार्रवाई की गई। मूर्ति को हटाने के बाद थाई सेना ने क्षेत्र पर फिर से नियंत्रण करने का दावा भी किया है।
Our response to media queries regarding the demolition of Hindu deity statue ⬇️
🔗https://t.co/WEeDVzhUAL pic.twitter.com/hNMbKj3gNP
— Randhir Jaiswal (@MEAIndia) December 24, 2025
भारत ने इस घटना की निंदा करते हुए इसे अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि भारत को हाल ही में निर्मित एक हिंदू देवता की मूर्ति को तोड़े जाने की जानकारी मिली है, जो थाईलैंड-कंबोडिया सीमा विवाद से प्रभावित क्षेत्र में स्थित थी।
रणधीर जायसवाल ने कहा कि इस क्षेत्र के लोग हिंदू और बौद्ध देवी-देवताओं का गहरा सम्मान करते हैं और उनकी पूजा करते हैं, क्योंकि यह उनकी साझी सभ्यतागत विरासत का हिस्सा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भले ही क्षेत्र को लेकर दोनों देशों के बीच दावे और मतभेद हों, लेकिन इस तरह के कृत्य दुनिया भर में इन धर्मों को मानने वाले लोगों की भावनाओं को आहत करते हैं।
MEA प्रवक्ता ने जोर देकर कहा कि धार्मिक प्रतीकों का अपमान नहीं होना चाहिए और ऐसी घटनाओं से बचा जाना चाहिए। भारत ने दोनों देशों से संयम बरतने, संवाद और कूटनीति के रास्ते पर लौटने तथा क्षेत्र में शांति बहाल करने की अपील की है, ताकि जान-माल के और नुकसान से बचा जा सके।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel