नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (IGI) पर कस्टम विभाग ने नशे और तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए चार भारतीय यात्रियों को रंगेहाथों पकड़ लिया है। कस्टम अधिकारियों ने इन यात्रियों के पास से भारी मात्रा में गांजा और विदेशी सिगरेट बरामद की है। जानकारी के मुताबिक, चारों यात्री 5 जनवरी को बैंकॉक से फ्लाइट नंबर TG-315 और TG-331 के जरिए दिल्ली पहुंचे थे।
6 जनवरी को जब ये यात्री IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर ग्रीन चैनल से बाहर निकलने की कोशिश कर रहे थे, तभी कस्टम अधिकारियों को इन पर शक हुआ। स्पॉट प्रोफाइलिंग के आधार पर यात्रियों को रोका गया और उनके सामान को एक्स-रे जांच के लिए भेजा गया।
जांच के दौरान कस्टम अधिकारियों को चार ट्रॉली बैग (दो नीले, एक ग्रे और एक पर्पल रंग के) से 36 पॉलीथिन पाउच बरामद हुए। इन पाउचों में भरा हरे रंग का नशीला पदार्थ जांच में मारिजुआना (गांजा) पाया गया। बरामद गांजे का कुल वजन करीब 43 किलो 135 ग्राम बताया गया है।

इसके अलावा, दो अन्य ट्रॉली बैग—एक पीले और एक स्काई ब्लू रंग के—से गोल्ड फ्लेक ब्रांड की 76 डंडा विदेशी सिगरेट भी बरामद की गईं। सभी बरामद सामान की डायग्नोस्टिक जांच में शुरुआती तौर पर गांजा और विदेशी सिगरेट होने की पुष्टि हुई है।
IGI एयरपोर्ट पर कस्टम विभाग के अनुसार, बरामद नशीले पदार्थ और विदेशी सिगरेट की कुल अनुमानित कीमत करीब 43 करोड़ 15 लाख रुपये आंकी गई है। कस्टम अधिकारियों का कहना है कि चारों यात्रियों ने एनडीपीएस एक्ट, 1985 की धारा 8 का उल्लंघन किया है।
इस मामले में चारों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20, 23 और 29 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। कस्टम विभाग तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel