उत्तर प्रदेश के महोबा जिले से भारतीय जनता पार्टी के भीतर ही टकराव की बड़ी खबर सामने आई है। यहां भाजपा विधायक बृजभूषण सिंह ने प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह का काफिला रोक दिया, जिसके बाद हालात काफी तनावपूर्ण हो गए। इस घटना के दौरान दोनों पक्षों के सुरक्षाकर्मियों के बीच हाथापाई और झड़प की भी सूचना है।
मिली जानकारी के मुताबिक, यह विवाद जल जीवन मिशन को लेकर शुरू हुआ। विधायक बृजभूषण सिंह का आरोप है कि उनके क्षेत्र के गांवों में अब तक पीने का पानी नहीं पहुंच पाया, जबकि मंत्री स्वतंत्र देव सिंह इसी योजना से जुड़े कार्यक्रम में शामिल होने महोबा पहुंचे थे। इसी नाराजगी के चलते विधायक ने मंत्री का काफिला रास्ते में ही रुकवा दिया।
स्थिति उस समय और बिगड़ गई जब दोनों ओर के समर्थक और सुरक्षाकर्मी आमने-सामने आ गए। झड़प के बाद हालात को संभालने के लिए मंत्री स्वतंत्र देव सिंह खुद गाड़ी से उतरकर रास्ते से वाहन हटवाने पहुंचे। इसके बावजूद माहौल शांत नहीं हुआ और विवाद बढ़ता चला गया।
घटना के बाद प्रस्तावित कार्यक्रम को रद्द कर दिया गया और विधायक बृजभूषण सिंह मंत्री स्वतंत्र देव को अपने साथ कलेक्ट्रेट ले गए। बताया जा रहा है कि कलेक्ट्रेट के मुख्य दरवाजे बंद कर दिए गए, और मंत्री व विधायक दोनों ही अंदर मौजूद हैं। अंदर ही दोनों नेताओं के बीच तीखी बहस होने की भी खबर है।
सूत्रों के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम के दौरान मंत्री स्वतंत्र देव सिंह को कुछ समय के लिए बंधक बनाए जाने जैसी स्थिति भी बनी, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में हलचल मच गई है। हालांकि प्रशासन की ओर से इस पर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
इस घटना ने न सिर्फ महोबा में बल्कि पूरे प्रदेश में भाजपा के भीतर आंतरिक कलह को उजागर कर दिया है। जल जीवन मिशन जैसे अहम मुद्दे पर विधायक और मंत्री के बीच टकराव ने सरकार की कार्यशैली और जमीनी हकीकत पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। अब सभी की नजर प्रशासन और पार्टी नेतृत्व की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel