उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में जिम की आड़ में कथित धर्मांतरण और ‘लव जिहाद’ से जुड़े मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। इस केस में आठवीं गिरफ्तारी करते हुए पुलिस ने मास्टरमाइंड बताए जा रहे मौलवी खलीलु रहमान को गिरफ्तार किया है। इससे पहले इस मामले में सात अन्य आरोपितों को जेल भेजा जा चुका है। पुलिस के अनुसार, आरोपी युवतियों को मानसिक रूप से प्रभावित कर धर्म परिवर्तन के लिए तैयार करने में कथित तौर पर मदद करता था।
जिम नेटवर्क के जरिए युवतियों को निशाना बनाने का आरोप
पुलिस जांच में सामने आया है कि खलीलु रहमान जिम से जुड़े कुछ आरोपितों के संपर्क में था और कथित रूप से पूरे नेटवर्क के साथ मिलकर युवतियों को प्रभावित करता था। आरोपी मिर्जापुर के चील्ह क्षेत्र की एक मस्जिद में बच्चों को तालीम देने का काम करता था और अन्य इलाकों में भी उसकी सक्रियता की जानकारी मिली है।
थाना को0देहात पर जिम जिहाद व धर्मांतरण के पूर्व में पंजीकृत 02 अलग-अलग अभियोगों से सम्बन्धित 08वां अभियुक्त गिरफ्तार, –#UPPolice #Mirzapur pic.twitter.com/Ee4HNwzGLk
— Mirzapur Police (@mirzapurpolice) February 4, 2026
युवतियों की शिकायत से हुआ खुलासा
इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब मिर्जापुर की दो युवतियों ने अलग-अलग थानों में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार, कुछ जिम ट्रेनर और जिम मालिक पहले उनसे दोस्ती करते थे, फिर प्रेमजाल में फंसाकर अश्लील फोटो और वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करते थे और बाद में धर्मांतरण के लिए दबाव बनाते थे।
चार जिम सील, नेटवर्क की गहन जांच जारी
जांच के दौरान पुलिस ने KGN-1, KGN-2, KGN-3 और आयरन फायर नाम के चार जिम को सील कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहराई से जांच की जा रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही इस मामले में और खुलासे हो सकते हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel