महाराष्ट्र के जिला परिषद और पंचायत समिति चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और महायुति गठबंधन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की है। राज्य की 12 जिला परिषदों के चुनावों में महायुति को सभी 12 स्थानों पर सत्ता मिली है। कुल 731 सीटों में से महायुति ने 552 सीटों पर जीत हासिल कर अपनी मजबूत पकड़ साबित की है। भाजपा एक बार फिर सबसे बड़े दल के रूप में उभरकर सामने आई है।
पंचायत समिति चुनावों में भी महायुति का प्रदर्शन प्रभावशाली रहा। कुल 125 पंचायत समितियों में से लगभग 105 जगहों पर महायुति के सभापति बनने की संभावना है। चुनाव परिणामों को ग्रामीण महाराष्ट्र में महायुति के प्रति जनता के भरोसे के रूप में देखा जा रहा है। मतदाताओं को दो वोट डालने थे — एक जिला परिषद और दूसरा पंचायत समिति के लिए।
ठाकरे परिवार के पारंपरिक गढ़ माने जाने वाले कोंकण क्षेत्र में भी महायुति ने उल्लेखनीय जीत दर्ज की है। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार यह परिणाम राज्य की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों और ग्रामीण क्षेत्रों में गठबंधन की बढ़ती स्वीकार्यता को दर्शाता है।
Once again, Maharashtra blesses BJP and Mahayuti!
After the resounding success of the BJP and Mahayuti in the Municipal Corporation and Municipal Council elections, the people of Maharashtra have given a strong mandate to us in the Zilla Parishad elections. It is clear that…
— Narendra Modi (@narendramodi) February 9, 2026
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व ट्विटर) पर जीत के लिए महाराष्ट्र की जनता और बीजेपी-एनडीए कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के लोगों ने जिला परिषद चुनावों में मजबूत जनादेश देकर भाजपा और महायुति को आशीर्वाद दिया है।
पीएम मोदी ने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में लोग अच्छे शासन और विकास के एजेंडे को समर्थन दे रहे हैं। उन्होंने महायुति के कार्यकर्ताओं की मेहनत और महाराष्ट्र सरकार के मजबूत ट्रैक रिकॉर्ड की भी सराहना की।
राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि स्थानीय निकाय चुनावों में मिली यह जीत राज्य की आगामी राजनीतिक रणनीतियों और सत्ता समीकरणों को प्रभावित कर सकती है। महायुति की यह सफलता महाराष्ट्र की ग्रामीण राजनीति में गठबंधन की बढ़ती पकड़ को दर्शाती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel