उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन के उत्तराधिकारी को लेकर बड़ा दावा सामने आया है। दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी नेशनल इंटेलिजेंस सर्विस (NIS) के मुताबिक, किम जोंग उन अपनी बेटी किम जू ए (Kim Ju Ae) को संभावित उत्तराधिकारी के रूप में आगे बढ़ा रहे हैं। एजेंसी का कहना है कि उत्तराधिकार प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंचती दिखाई दे रही है।
किम जू ए की बढ़ी सार्वजनिक मौजूदगी
NIS के अनुसार, हाल के महीनों में किम जू ए की आधिकारिक कार्यक्रमों में मौजूदगी लगातार बढ़ी है। सितंबर 2025 में किम जोंग उन के बीजिंग दौरे के दौरान वह हाई-प्रोफाइल इवेंट्स में उनके साथ नजर आई थीं। इसे उनकी पहली विदेश यात्रा माना गया था और इससे उत्तराधिकार को लेकर चर्चाएं तेज हो गईं।
महज 13 साल की उम्र में उत्तराधिकार की चर्चा
बताया जा रहा है कि किम जू ए की उम्र लगभग 13 साल है और अब तक उनके बारे में सार्वजनिक रूप से बहुत कम जानकारी उपलब्ध है। हालांकि, NIS का दावा है कि पहले वह उत्तराधिकार के लिए प्रशिक्षण ले रही थीं, लेकिन अब संकेत मिल रहे हैं कि उन्हें औपचारिक तौर पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
पार्टी कांग्रेस पर दुनिया की नजर
दक्षिण कोरिया की खुफिया एजेंसी ने कहा कि इस महीने के अंत में होने वाली नॉर्थ कोरिया की पार्टी कांग्रेस पर खास नजर रखी जाएगी। यह देश का सबसे बड़ा राजनीतिक कार्यक्रम है, जो हर पांच साल में आयोजित होता है। माना जा रहा है कि इस आयोजन में उत्तराधिकार से जुड़े अहम संकेत मिल सकते हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel