केरल के अदूर में एक महिला की आत्महत्या के मामले में पुलिस ने युवा कांग्रेस नेता सुहैल अंसारी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मृतका द्वारा छोड़े गए सुसाइड नोट के आधार पर की है। 33 वर्षीय आरोपी पर महिला को आत्महत्या के लिए उकसाने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार (14 फरवरी) को कदंबनाड क्षेत्र में सामने आई, जहां 37 वर्षीय महिला अपने घर की छत पर फंदे से लटकी हुई मिली। महिला एक स्कूल में ऑफिस स्टाफ के रूप में काम करती थी। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
सुसाइड नोट में लगाए गए आरोप
पुलिस को घटनास्थल से मिले सुसाइड नोट में महिला ने आरोप लगाया कि सुहैल अंसारी उसे शारीरिक संबंध बनाने और निजी फोटो देने के लिए दबाव डाल रहा था। कथित तौर पर लगातार हो रही प्रताड़ना से महिला मानसिक रूप से परेशान थी।
पुलिस जांच जारी
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और विभिन्न पहलुओं से जांच की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार डिजिटल सबूत और अन्य साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel