उत्तर प्रदेश पुलिस ने गाजियाबाद के लोनी में एक्स-मुस्लिम और यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर जानलेवा हमला करने वाले मुख्य आरोपी जीशान को मुठभेड़ में ढेर कर दिया है। पुलिस के अनुसार जीशान पर 1 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
सलीम वास्तिक पर चाकू से हुआ था हमला
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार (27 फरवरी 2026) की सुबह आरोपी जीशान और उसके एक साथी ने यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर चाकू और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला किया था। इस हमले में सलीम गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
उन्हें तुरंत दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल (GTB) में भर्ती कराया गया, जहां वे फिलहाल जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
एनकाउंटर में लगी दो गोलियां
उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार पुलिस मुठभेड़ के दौरान जीशान को दो गोलियां लगीं। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार किया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
खौफ का सफर खत्म –
थाना लोनी क्षेत्रान्तर्गत सलीम वास्तिक उर्फ़ वास्तविक पर जानलेवा हमला कारित करने वाले ₹01 लाख/- के पुरस्कार घोषित अपराधी को @ghaziabadpolice द्वारा पुलिस मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार किया गया, जिसे उपचार के दौरान चिकित्सक द्वारा मृत घोषित किया गया… pic.twitter.com/LKbIzTeo2l
— UP POLICE (@Uppolice) March 1, 2026
पुलिस ने बताया कि आरोपी के पास से एक मेड-इन-इटली पिस्टल और वह पेपर कटर बरामद किया गया है, जिसका इस्तेमाल सलीम वास्तिक पर हमले में किया गया था।
सीएम योगी ने दिए थे सख्त कार्रवाई के निर्देश
इस घटना के बाद योगी आदित्यनाथ ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए थे। उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में आतंक और अराजकता के लिए कोई जगह नहीं है और कानून अपना काम सख्ती से करेगा।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए 10 टीमें गठित की थीं।
100 से ज्यादा CCTV फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस
हमलावरों तक पहुंचने के लिए पुलिस ने 100 से अधिक CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इन फुटेज में संदिग्धों को घटनास्थल पर आते और वहां से भागते हुए देखा गया।
जांच में सामने आया कि हमलावर दिल्ली से लोनी बॉर्डर होते हुए गाजियाबाद के लोनी पहुंचे थे और वारदात के बाद इसी रास्ते से फरार हो गए।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel