हरियाणा के करनाल जिले के घरौंडा क्षेत्र के मुंडीगढ़ी गाँव में जमीन विवाद ने गुरुवार (26 मार्च 2026) को हिंसक रूप ले लिया। करीब चार एकड़ जमीन के कब्जे को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद मामला लाठी-डंडों और फायरिंग तक पहुँच गया।
इस खूनी झड़प में 65 वर्षीय वाहिद की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी गई, जबकि दूसरे पक्ष की सबीरा की लाठी-डंडों से चोट लगने के कारण मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक आपस में रिश्तेदार (चाचा-भतीजा) थे।
इस घटना में दोनों पक्षों के 10 से 12 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार, सुबह एक पक्ष के लोग खेत पर पहुँचे थे, जिसके बाद दूसरा पक्ष भी वहाँ आ गया और विवाद बढ़ते-बढ़ते हिंसा में बदल गया। इस दौरान एक पक्ष की ओर से कई राउंड फायरिंग भी की गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और CIA टीम मौके पर पहुँची और हालात को काबू में किया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि जमीन की खरीद-बिक्री के बाद कब्जे को लेकर विवाद शुरू हुआ था। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की गहन जांच जारी है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel