उत्तराखंड के ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर स्थित एक फाइव स्टार होटल में दिल्ली की एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान 40 वर्षीय ज्योति शर्मा के रूप में हुई है, जो दिल्ली के लोदी रोड क्षेत्र की निवासी बताई जा रही हैं।
जानकारी के अनुसार, ज्योति शर्मा अपने बिजनेस पार्टनर अमित चौधरी (छतरपुर, दिल्ली) के साथ उत्तराखंड के भवाली स्थित प्रसिद्ध कैंची धाम मंदिर में दर्शन करने गई थीं। मंदिर में दर्शन के बाद दोनों दिल्ली लौट रहे थे, इसी दौरान वे रुद्रपुर के रेडिसन ब्लू होटल में रुके थे।
बताया जा रहा है कि होटल में ठहरने के दौरान ज्योति शर्मा की अचानक तबीयत बिगड़ गई, जिसके बाद उनकी मौत हो गई। महिला का शव होटल के कमरे में संदिग्ध अवस्था में मिला, जिससे पूरे मामले ने गंभीर रूप ले लिया है।
सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

पंतनगर कोतवाली पुलिस इस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं, ऊधम सिंह नगर के एसएसपी अजय गणपति ने बताया कि घटना स्थल का निरीक्षण किया गया है और फॉरेंसिक टीम (FSL) को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह मामला संदिग्ध बना हुआ है और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel