प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के दौरे पर पहुंचे। सुबह उन्होंने अरुणाचल प्रदेश की राजधानी ईटानगर में व्यापारियों और टैक्सपेयर्स से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने जीएसटी की नई दरों पर उनकी राय जानी और कहा कि इनसे आम जनता को राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि रोजमर्रा की चीजें सस्ती होने से लोगों की खरीदने की क्षमता बढ़ेगी और त्योहारों के समय पर मांग में वृद्धि होगी। उन्होंने लोगों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की अपील भी की।
इसके बाद प्रधानमंत्री ने ईटानगर में 5,000 करोड़ रुपये से ज्यादा की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। वह सबसे पहले डोनी पोलो हवाई अड्डे पर पहुंचे और वहां से हेलीकॉप्टर के जरिए राजभवन और फिर इंदिरा गांधी पार्क पहुंचे, जहां उन्होंने परियोजनाओं का अनावरण किया और जनसभा को संबोधित किया।
LIVE: PM Shri @narendramodi lays the foundation stone and inaugurates various development works in Itanagar, Arunachal Pradesh. https://t.co/yQTlUVmUp7
— BJP (@BJP4India) September 22, 2025
मोदी ने शि योमी जिले की यारजेप नदी पर बनने वाली तातो और हीओ जलविद्युत परियोजनाओं की आधारशिला रखी। 186 मेगावाट क्षमता वाली तातो परियोजना 1,750 करोड़ रुपये की लागत से बनेगी और इससे 802 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन होगा। वहीं, 240 मेगावाट की हीओ परियोजना 1,939 करोड़ रुपये की लागत से विकसित होगी, जिससे हर साल 100 करोड़ यूनिट बिजली पैदा होगी।
प्रधानमंत्री ने तवांग में पीएम-देवाइन योजना के तहत 145.37 करोड़ रुपये की लागत से बने एक कन्वेंशन सेंटर का भी वर्चुअल उद्घाटन किया। 1,500 से अधिक क्षमता वाला यह सेंटर वैश्विक मानकों पर तैयार किया गया है और क्षेत्र की सांस्कृतिक व पर्यटन क्षमता को बढ़ाने में मदद करेगा। इसके अलावा, 1,290 करोड़ रुपये से अधिक की कई अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं की शुरुआत की गई, जिनका उद्देश्य कनेक्टिविटी, स्वास्थ्य और अग्नि सुरक्षा को मजबूत करना है।
#WATCH | Itanagar, Arunachal Pradesh: Prime Minister Narendra Modi interacts with local taxpayers, traders, and industry representatives to discuss the impact of the recent GST rate rationalisation.
Source: DD pic.twitter.com/clzAzU8MbB
— ANI (@ANI) September 22, 2025
इन पहलों से पूर्वोत्तर क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को गति मिलने, स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार होने और बेहतर कनेक्टिविटी से विकास के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि नॉर्थ ईस्ट उनके दिल के करीब है और इसी कारण उन्होंने अपने मंत्रियों के लिए भी यहां दौरा अनिवार्य किया है। खुद उन्होंने पीएम रहते हुए अब तक 70 से अधिक बार इस क्षेत्र का दौरा किया है।
अरुणाचल प्रदेश के बाद मोदी त्रिपुरा पहुंचे, जहां उन्होंने माता त्रिपुरा सुंदरी मंदिर परिसर में विकास कार्यों का उद्घाटन किया और कई अन्य आधिकारिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया। प्रधानमंत्री के दौरे को देखते हुए दोनों राज्यों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।