असम के पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले में अतिक्रमण हटाने की मुहिम के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों ने सोमवार (22 दिसंबर 2025) को हिंसक रूप ले लिया। गुस्साई भीड़ ने बीजेपी नेता और कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलीराम रोंगहांग के पैतृक घर को आग के हवाले कर दिया और उस पर पथराव किया।
झड़प में लोग घायल, भारी पुलिस बल तैनात
यह घटना पश्चिम कार्बी आंगलोंग जिले के डोंगकामुकाम इलाके की है, जहां रोंगहांग का पैतृक घर स्थित है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हिंसक झड़पों में कम से कम तीन लोग घायल हुए हैं। हालात बेकाबू होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। स्थिति संभालने के लिए अतिरिक्त सीआरपीएफ बल और पुलिस कमांडो तैनात किए गए हैं।
पश्चिम कार्बी आंगलोंग में धारा 163 लागू
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन ने भारतीय न्याय सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू कर दी है। जिला मजिस्ट्रेट निरोला फांगचोपी द्वारा जारी आदेश के अनुसार यह प्रतिबंध अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा। इसका उद्देश्य समुदायों के बीच तनाव भड़काने से रोकना और लोगों व संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
करबी आंग्लोंग में प्रदर्शन हिंसक:
प्रदर्शनकारियों ने KAAC CEM तुलीराम रोंगहांग के आवास को आग लगाई
असम करबी आंग्लोंग में उच्च ड्रामा देखने को मिला जब गुस्साए प्रदर्शनकारियों ने KAAC के मुख्य कार्यकारी सदस्य तुलीराम रोंगहांग के निवास को आग के हवाले कर दिया।
इसके बाद जिले में… pic.twitter.com/LqcfnBDGpw
— One India News (@oneindianewscom) December 23, 2025
कड़े प्रतिबंध, रात में पूरी तरह कर्फ्यू जैसा माहौल
आदेश के तहत पांच या उससे अधिक लोगों के एकत्र होने पर रोक लगा दी गई है। शाम 5 बजे से सुबह 6 बजे तक आवाजाही पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी और निजी वाहनों की आवाजाही भी बंद रहेगी। सार्वजनिक स्थानों पर रैली, मशाल जुलूस, धरना और प्रदर्शन पर भी रोक लगा दी गई है। इसके अलावा हथियार रखने और पटाखे फोड़ने पर भी प्रतिबंध है।
किन्हें मिली छूट
इस आदेश में पुलिस, सेना और ड्यूटी पर तैनात सरकारी कर्मियों को छूट दी गई है। मेडिकल इमरजेंसी की स्थिति में लोगों को बाहर जाने की अनुमति होगी। स्कूल, कॉलेज और विश्वविद्यालय जहां परीक्षाएं चल रही हैं, वे सामान्य रूप से खुले रहेंगे। सरकारी और निजी कार्यालय भी पहले की तरह कार्य करते रहेंगे।
आईजीपी का बयान—और फोर्स बुलाई जा रही
कानून-व्यवस्था के आईजीपी अखिलेश कुमार सिंह ने एएनआई को बताया कि हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त सुरक्षा बल बुलाए जा रहे हैं। उन्होंने पुष्टि की कि भीड़ ने कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद के प्रमुख का घर जला दिया है। कुछ सुरक्षाकर्मियों को मामूली चोटें आई हैं और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई जा रही है।
गिरफ्तारियों के बाद भड़की हिंसा
सोमवार सुबह कुछ प्रदर्शनकारियों की गिरफ्तारी के बाद माहौल और तनावपूर्ण हो गया। इसके बाद स्थानीय लोगों ने सड़कें जाम कर दीं और डोंगकामुकाम पहुंचकर तुलीराम रोंगहांग के पैतृक घर में आग लगा दी। इसी दौरान एक अन्य भीड़ ने पास की बस्ती में कई घरों, एक स्कूल बस और अन्य संपत्तियों को भी नुकसान पहुंचाया।
क्या है पूरे विवाद की वजह
यह विवाद प्रोफेशनल ग्रेजिंग रिजर्व (PGR) और विलेज ग्रेजिंग रिजर्व (VGR) की जमीनों से कथित घुसपैठियों को हटाने की लंबे समय से चली आ रही मांग से जुड़ा है। कार्बी आंगलोंग स्वायत्त परिषद ने फरवरी 2024 में इसके लिए नोटिस जारी किए थे। हालांकि, गुवाहाटी हाईकोर्ट में मामला लंबित होने के कारण कार्रवाई फिलहाल अदालत के निर्देशों के दायरे में की जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel