बिहार विधानसभा चुनाव का रिज़ल्ट घोषित होते ही एनडीए खेमे में जश्न का माहौल छा गया। शुक्रवार रात देर तक जीत का उत्सव मनाया गया, जबकि शनिवार सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के आवास पर बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। इसी क्रम में केंद्रीय मंत्री और लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान भी नीतीश कुमार से मिलने पहुँचे और उन्हें जीत की बधाई दी। मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच खूब मुस्कुराहट और ठहाके देखने को मिले, जिसकी गवाही सामने आई तस्वीरें भी दे रही हैं। कभी एक-दूसरे के कटु आलोचक रहे नीतीश और चिराग अब बेहद सहज और सौहार्दपूर्ण अंदाज़ में दिखाई दिए।
बिहार विधानसभा चुनाव परिणाम के पश्चात आज बिहार के माननीय मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार जी से मुलाकात कर उन्हें NDA के प्रचंड बहुमत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।@NitishKumar pic.twitter.com/EuHJFQNHXm
— युवा बिहारी चिराग पासवान (@iChiragPaswan) November 15, 2025
चुनाव नतीजों के बाद दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में भी प्रचंड जीत का जश्न मनाया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंच पर गमछा लहराते हुए पहुंचे और कार्यकर्ताओं के साथ “फिर एक बार NDA सरकार” का नारा लगाया। मैदान से लेकर मंच तक उत्साह और विजय के स्वर गूंजते रहे। इसी बीच अगली सुबह नीतीश कुमार और चिराग पासवान की मुलाकात ने सबसे ज्यादा सुर्खियाँ बटोरीं। नीतीश कुमार ने चिराग का हार्दिक स्वागत किया, उनके कंधे पर हाथ रखा और दोनों के बीच हल्की-फुल्की बातचीत के दौरान ठहाकों का दौर चलता रहा। यह नज़ारा साफ संकेत दे रहा था कि चुनाव के तनाव और बीते वर्षों के मतभेद फिलहाल पीछे छूट चुके हैं। उनकी बातचीत में राजनीतिक समझदारी के साथ व्यक्तिगत गर्मजोशी भी झलकती दिखी।
गौरतलब है कि 2020 के विधानसभा चुनाव में नीतीश कुमार और चिराग पासवान के रिश्तों में काफी खटास आ गई थी। चिराग ने जेडीयू के खिलाफ उम्मीदवार उतारकर नीतीश कुमार को महज़ 43 सीटों पर सीमित कर दिया था। इसके बाद जेडीयू पर एलजेपी को तोड़ने के आरोप लगे, जिसके चलते चिराग को नई पार्टी एलजेपी (रामविलास) बनानी पड़ी। हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव में चिराग की पार्टी ने पाँच सीटों पर जीत दर्ज की और दोनों नेताओं के रिश्तों में फिर से सुधार आया। चिराग ने कई मौकों पर कहा था कि वह नीतीश के नेतृत्व में 2025 का विधानसभा चुनाव लड़ने को तैयार हैं।
NDA की प्रचंड जीत के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मिलने वालों की कतार लग गई। सुबह से ही कई बड़े नेता उनके आवास पर पहुँचने लगे। केंद्रीय मंत्री ललन सिंह, जेडीयू के वरिष्ठ नेता, और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान समेत कई दिग्गज नेता उनसे मुलाकात कर जीत की बधाई दे चुके हैं। इन मुलाकातों के बीच साफ दिखाई देता है कि चुनावी नतीजों ने एनडीए को एकजुट और ऊर्जा से भरा हुआ कर दिया है, जबकि सहयोगियों के बीच तालमेल भी पहले से अधिक मजबूत होता नजर आ रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel