पाकिस्तान में गुरुद्वारों के दर्शनों के लिए गई कपूरथला, पंजाब की 52 वर्षीय महिला सरबजीत कौर रहस्यमयी तरीके से भारतीय जत्थे से गायब होने के बाद अब एक चौंकाने वाला खुलासा सामने आया है। 4 नवंबर को गुरु नानक देव जी के 555वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में सिख श्रद्धालुओं का एक जत्था पाकिस्तान गया था, जिसमें सरबजीत कौर भी शामिल थीं। उन्हें 13 नवंबर को जत्थे के साथ ही भारत वापस लौटना था, लेकिन वापसी के समय न तो वह जत्थे में थीं और न ही भारत लौटीं। इस गैरहाजिरी के चलते भारतीय इमीग्रेशन ने तुरंत पंजाब पुलिस को सूचना दी।
जांच के दौरान अब एक निकाहनामे की प्रति सामने आई है, जिससे पता चलता है कि सरबजीत कौर ने पाकिस्तान में इस्लाम धर्म अपना लिया है और अपना नया नाम ‘नूर’ रखा है। यही नहीं, निकाहनामे के अनुसार उन्होंने पाकिस्तान के शेखपुरा स्थित नयी आबादी इलाके के रहने वाले नासिर हुसैन से विवाह भी कर लिया है। बताया जा रहा है कि नासिर हुसैन लंबे समय से—करीब 30 वर्षों से इंग्लैंड में रह रहा है, हालांकि निकाहनामे में उसका पाकिस्तान वाला पता दर्ज है।
सरबजीत कौर के निजी जीवन को लेकर सामने आई जानकारी के मुताबिक उनका पहले ही तलाक हो चुका है। उनके दो बेटे हैं और उनका पूर्व पति करनैल सिंह करीब तीन दशकों से इंग्लैंड में रहता है। सरबजीत के पासपोर्ट पर पत्नी की जगह पिता का नाम दर्ज है, और पता मुक्तसर ज़िले के मलोट क्षेत्र के छापियांवाली गांव का है।
फिलहाल पंजाब पुलिस ने इस पूरे मामले की प्रारंभिक रिपोर्ट भारतीय केंद्रीय एजेंसियों को भेज दी है और आगे की जांच जारी है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि सरबजीत कौर का पाकिस्तान में रुकना और धर्म परिवर्तन स्वेच्छा से हुआ है या इसके पीछे कोई दबाव, साजिश या अन्य कारण जुड़े हैं।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel