बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान जहाँ गुरुवार (6 नवंबर 2025) को जारी है, वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब दूसरे चरण के प्रचार अभियान में सक्रिय हो गए हैं। अररिया (फारबिसगंज) में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने पहले चरण के मतदान में दिखे उत्साह पर खुशी जताई और RJD के शासनकाल को ‘जंगलराज’ बताते हुए उस पर कड़ा प्रहार किया। उन्होंने घुसपैठियों के मुद्दे को गंभीर खतरा बताया और धार्मिक आस्था के अपमान को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा।
जनसभा की शुरुआत में पीएम मोदी ने पहले चरण में मतदान के उत्साह का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए लोगों का उत्साहजनक मतदान एक सकारात्मक संदेश दे रहा है। खासकर माताओं, बहनों और बेटियों की बड़ी संख्या में पोलिंग बूथ पर उपस्थिति को उन्होंने बिहार की नई राजनीतिक जागरूकता का प्रतीक बताया।
पीएम ने मतदाताओं का अभिनंदन करते हुए दावा किया कि पूरे बिहार में ‘फिर एक बार NDA सरकार’ की आवाज गूंज रही है। उन्होंने युवाओं से कहा, “आपका सपना ही, मोदी का संकल्प है।” RJD पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि उनके नेता जनता को ‘माई-बाप’ या ‘शहँशाह’ जैसा मानते हैं, जबकि “मोदी के लिए जनता-जनार्दन ही माई-बाप है और जनता ही उनका रिमोट कंट्रोल है।”
#WATCH | अररिया, बिहार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "बिहार में जंगलराज की सरकार, 1990 से 2005 तक, 15 साल तक रही, जंगलराज ने बिहार को बर्बाद कर दिया। सरकार चलाने के नाम पर आपको सिर्फ लूटा गया… जंगलराज के 15 साल में बिहार में कितने एक्सप्रेसवे… pic.twitter.com/Pnmol89e4I
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 6, 2025
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने RJD के 1990 से 2005 तक के शासन को ‘जंगलराज’ कहते हुए उस दौर को ‘कट्टा, क्रूरता, कटुता, कु-संस्कार, करप्शन और कुशासन’ का समय बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि RJD ने 15 सालों तक विकास को रोककर पूरी एक पीढ़ी का भविष्य अंधकार में धकेल दिया। पीएम मोदी के अनुसार उस अवधि में बिहार में एक भी एक्सप्रेस-वे नहीं बना, कोसी नदी पर कोई पुल नहीं बना, न कोई टूरिस्ट सर्किट विकसित हुआ, न स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स और न ही मेडिकल कॉलेजों का विस्तार हुआ। उन्होंने यह भी कहा कि उस शासनकाल में न कोई IIT आया, न कोई IIM।
इसके बाद पीएम मोदी ने NDA सरकार के तहत हुए विकास कार्यों के उदाहरण प्रस्तुत किए। उन्होंने बताया कि 2014 में डबल इंजन की सरकार बनने के बाद बिहार में विकास की गति कई गुना बढ़ी है। पटना में IIT और AIIMS, बोधगया में IIM, भागलपुर में IIIT की स्थापना, दरभंगा AIIMS के तेज निर्माण कार्य और बिहार में चार केंद्रीय विश्वविद्यालयों की स्थापना का उन्होंने उल्लेख किया। साथ ही उन्होंने गरीबों के लिए पक्का घर, मुफ्त अनाज-इलाज, नल से जल और मुद्रा योजना के लाभों को NDA की उपलब्धियाँ बताया। किसानों के लिए राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की स्थापना और जूट के MSP को ₹5060 तक बढ़ाने का उल्लेख भी किया।
#WATCH | अररिया, बिहार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, "कुछ दिनों पहले मैंने कांग्रेस-RJD के झगड़े को उजागर किया था। झगड़ा और बढ़ गया है। कांग्रेस ने उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को RJD के खिलाफ मोर्चे पर उतार दिया है। वे मीडिया को इंटरव्यू दे रहे… pic.twitter.com/jD5ZFskk0t
— ANI_HindiNews (@AHindinews) November 6, 2025
घुसपैठ के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह बिहार और देश के लिए गंभीर चुनौती है। उन्होंने दावा किया कि NDA सरकार पूरी ईमानदारी से “एक-एक घुसपैठिए की पहचान कर उन्हें देश से बाहर निकालने” में लगी है क्योंकि ये घुसपैठिए किसानों की जमीन पर कब्जा करते हैं और युवाओं के रोजगार के अवसर छीनते हैं। पीएम ने कॉन्ग्रेस और RJD पर आरोप लगाया कि वे घुसपैठियों को बचाने और उन्हें पिछली दरवाज़े से भारतीय नागरिकता दिलाने की कोशिश कर रहे हैं।
धार्मिक आस्था के मुद्दे पर पीएम मोदी ने कहा कि “कॉन्ग्रेस के नामदार” बिहार आकर छठी मईया की पूजा को ‘ड्रामा’ बताते हैं, जो बिहार की आस्था का सीधा अपमान है। उन्होंने कहा कि RJD ने भी इस बयान का विरोध नहीं किया, जो उनकी मानसिकता दर्शाता है। इसके साथ ही उन्होंने विश्वास जताया कि बिहार की माताएँ और बहनें “जंगलराज की वापसी” रोकेंगी और समृद्ध बिहार का संकल्प पूरा करेंगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel