भारत का शेयर बाजार लगातार दो दिनों की गिरावट के बाद शुक्रवार को मजबूती के साथ खुला। सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं। सुबह 9:16 बजे बीएसई सेंसेक्स 157 अंक यानी 0.20% की बढ़त के साथ 80,237 पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 45 अंक यानी 0.18% की तेजी के साथ 24,546 पर ट्रेड कर रहा था। यह तेजी ऐसे समय में आई है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय प्रोडक्ट्स पर डबल टैरिफ लगाकर बाजार को बड़ा झटका दिया है।
शुरुआती कारोबार में अदाणी ग्रुप के शेयरों में हल्की तेजी देखने को मिली। अदाणी एंटरप्राइजेज, अदाणी पोर्ट्स, अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस, अदाणी ग्रीन एनर्जी, अदाणी पावर और अदाणी टोटल गैस जैसे स्टॉक्स हरे निशान में कारोबार करते दिखे। इससे बाजार की सेंटीमेंट को थोड़ी राहत मिली।
इससे पहले मंगलवार और गुरुवार को बाजार में जबरदस्त बिकवाली दर्ज की गई थी। बुधवार को गणेश चतुर्थी की वजह से शेयर बाजार बंद रहे थे। गुरुवार को सेंसेक्स 706 अंक टूट गया और निफ्टी 211 अंक लुढ़क गया था। वहीं मंगलवार को सेंसेक्स 849 अंक गिरा और निफ्टी 255 अंक टूट गया था। इन दो कारोबारी सत्रों की गिरावट से निवेशकों को लगभग 9.69 लाख करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप घटकर 4,45,17,222 करोड़ रुपये रह गया।
गिरावट की सबसे बड़ी वजह अमेरिका द्वारा भारत से आयात होने वाले सामान पर 25% अतिरिक्त शुल्क लगाने का फैसला रहा। इससे भारत पर कुल अमेरिकी शुल्क 50% तक पहुंच गया है। इसका सीधा असर भारतीय एक्सपोर्ट पर पड़ा और निवेशकों की सेंटिमेंट कमजोर हुई। टेक्सटाइल, फूड, फुटवियर और केमिकल जैसे सेक्टर सबसे ज्यादा दबाव में रहे। इसके अलावा विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने बाजार की कमजोरी और गहरी कर दी।
अब निवेशकों की नजर आज जारी होने वाले जीडीपी आंकड़ों पर टिकी है। नेशनल स्टैटिस्टिक्स ऑफिस (NSO) अप्रैल-जून तिमाही (Q1 FY26) के आंकड़े जारी करेगा। एक्सपर्ट्स का अनुमान है कि इस तिमाही में जीडीपी ग्रोथ 6.5% से 7% के बीच रह सकती है। यह डेटा आने वाले दिनों में बाजार की दिशा तय करने में अहम साबित हो सकता है।
हालांकि अमेरिकी टैरिफ की मार अभी भी बनी हुई है, लेकिन शुक्रवार की शुरुआती तेजी निवेशकों को राहत देने वाली रही। ग्लोबल मार्केट से मिले मिले-जुले संकेत और गुरुवार रात अमेरिकी बाजारों के बढ़त के साथ बंद होने से भारतीय बाजार को सपोर्ट मिला है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel