घरेलू शेयर बाजार में शुक्रवार, 3 अक्तूबर को भी उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहा। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन बाजार ने गिरावट के साथ शुरुआत की। सुबह 9:15 बजे बीएसई सेंसेक्स 106.64 अंक फिसलकर 80,876.67 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था। इसी तरह एनएसई निफ्टी भी 11.5 अंक की कमजोरी के साथ 24,824.80 पर कारोबार कर रहा था। बीते एक हफ्ते से ग्लोबल संकेतों और अमेरिकी नीतियों के चलते भारतीय शेयर बाजार में लगातार उथल-पुथल देखने को मिल रही है।
निफ्टी के गेनर्स और लूजर्स पर नजर डालें तो टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, टाटा मोटर्स और सिप्ला मजबूत शेयरों में शामिल हैं। वहीं, मैक्स हेल्थकेयर, बजाज फाइनेंस, ओएनजीसी, श्रीराम फाइनेंस और बजाज फिनसर्व आज के टॉप लूजर्स रहे। दूसरी ओर, बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स अब तक के उच्च स्तरों पर कारोबार कर रहे हैं। सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो ऑटो और एफएमसीजी में 0.55% की गिरावट रही, जबकि मेटल और कैपिटल गुड्स इंडेक्स में करीब 0.5% की तेजी दर्ज की गई।
आज जिन शेयरों पर निवेशकों की खास नजर है, उनमें वी-मार्ट रिटेल, मारुति सुजुकी इंडिया, हीरो मोटोकॉर्प, टीवीएस मोटर कंपनी, सम्मान कैपिटल, टीबीओ टेक, टाटा पावर, नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट, केआरबीएल, जॉन कॉकरिल इंडिया, हुंडई मोटर इंडिया और आरबीएल बैंक शामिल हैं।
एशियाई बाजारों की बात करें तो शुक्रवार को मिलाजुला रुख देखने को मिला। गिफ्ट NIFTY में 60.50 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्केई इंडेक्स 1.51% चढ़कर 45,615.00 के स्तर पर पहुंच गया। सिंगापुर का स्ट्रेट टाइम्स इंडेक्स 0.05% की हल्की बढ़त में है, जबकि ताइवान का बाजार 0.88% ऊपर 26,612.77 पर कारोबार कर रहा है। हांगकांग का हैंगसैंग इंडेक्स 0.92% गिरकर 27,036.00 पर आ गया है, वहीं चीन का शंघाई कम्पोजिट 0.52% चढ़कर 3,882.78 के स्तर पर पहुंच गया। यानी एशियाई बाजारों में कहीं मजबूती तो कहीं गिरावट का रुख दिखाई दे रहा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel
