भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को हल्की बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की। ग्लोबल मार्केट से मिले मिले-जुले संकेतों के बावजूद सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती सत्र में हरे निशान पर खुले। शुरुआती रुझानों में खासकर ऑयल एंड गैस और मीडिया सेक्टर के शेयरों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली। इसके साथ ही अदाणी ग्रुप के शेयरों में भी तेजी नजर आई।
सुबह 9 बजकर 26 मिनट पर बीएसई सेंसेक्स 142.73 अंक यानी 0.18% चढ़कर 81,567.88 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, एनएसई निफ्टी 35.65 अंक यानी 0.14% की बढ़त के साथ 25,008.75 पर पहुंच गया।
सेक्टोरल परफॉर्मेंस की बात करें तो शुरुआती कारोबार में ऑयल एंड गैस और मीडिया इंडेक्स में लगभग 1% की तेजी देखने को मिली। निफ्टी मीडिया इंडेक्स 1.3% चढ़ा जिसमें जी एंटरटेनमेंट, हैथवे केबल और डिश टीवी जैसे शेयर सबसे आगे रहे।
अदाणी ग्रुप के शेयरों में भी जोरदार तेजी रही। अदाणी एंटरप्राइजेज 15.10 रुपये बढ़कर 2,355.30 रुपये पर पहुंच गया, जबकि अदाणी ग्रीन एनर्जी 1.04% की बढ़त के साथ 973.40 रुपये पर ट्रेड कर रहा था। अदाणी टोटल गैस 606.30 रुपये पर 8.45 रुपये ऊपर रहा और अदाणी पोर्ट्स 1.66% चढ़कर 1,412.10 रुपये तक पहुंच गया। इसी तरह अदाणी पावर 1.41% की मजबूती के साथ 643.40 रुपये पर और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशन 817.25 रुपये पर 0.68% ऊपर दिखा। इसके अलावा एनडीटीवी का शेयर 3.66% उछलकर 157.50 रुपये तक पहुंच गया।
बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स शुरुआती सत्र में फ्लैट ट्रेड कर रहे थे, यानी इनमें खास हलचल नहीं दिखी।
निफ्टी 50 के टॉप गेनर्स में एनटीपीसी, ओएनजीसी, एसबीआई, श्रीराम फाइनेंस और जियो फाइनेंशियल सर्विसेज शामिल रहे। दूसरी ओर, गिरावट वाले शेयरों में डॉ. रेड्डीज लैब्स, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, टेक महिंद्रा, अपोलो हॉस्पिटल्स और हीरो मोटोकॉर्प शामिल रहे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel