भारतीय शेयर बाजार ने एक बार फिर मजबूत प्रदर्शन करते हुए निवेशकों को बड़ी राहत दी है। ईरान के साथ कूटनीतिक बातचीत फिर से शुरू होने की उम्मीद और वैश्विक बाजारों में सकारात्मक संकेतों के चलते भारतीय बाजारों में जोरदार तेजी देखने को मिली।
कारोबार की शुरुआत में ही बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स 1,293.76 अंक यानी 1.68% की तेजी के साथ 78,141.33 के स्तर पर पहुंच गया। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का निफ्टी 366.30 अंक यानी 1.54% उछलकर 24,208.95 के स्तर के पार चला गया।
बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली, जिसमें लगभग 2,327 शेयरों में तेजी दर्ज की गई, जबकि केवल 377 शेयरों में गिरावट आई। यह आंकड़ा निवेशकों के मजबूत भरोसे और बाजार में सकारात्मक रुझान को दर्शाता है।
सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो निफ्टी बैंक इंडेक्स में करीब 2% की तेजी देखी गई। बैंकिंग सेक्टर में यूनियन बैंक, इंडसइंड बैंक और आईडीएफसी फर्स्ट बैंक के शेयरों ने शानदार प्रदर्शन किया। वहीं केनरा बैंक और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) में भी मजबूत खरीदारी देखी गई।
एविएशन सेक्टर में इंडिगो (InterGlobe Aviation) के शेयर में 4.54% की तेज उछाल दर्ज की गई। इसके अलावा अल्ट्राटेक सीमेंट, एशियन पेंट्स, श्रीराम फाइनेंस और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज जैसे शेयर निफ्टी के टॉप गेनर्स में शामिल रहे।
हालांकि, कुछ शेयरों पर दबाव भी देखने को मिला, जिनमें डॉ. रेड्डीज लैब्स, ONGC और कोल इंडिया शामिल हैं, लेकिन बाजार की व्यापक तेजी के कारण इनका असर सीमित रहा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel