भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को मजबूती के साथ शुरुआत की। शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 407 अंक चढ़कर 83,013.10 पर पहुँच गया, जबकि निफ्टी 104 अंक बढ़कर 25,427.55 के स्तर पर खुला। बाजार खुलते ही सभी प्रमुख इंडेक्स हरे निशान में थे, जिससे निवेशकों के चेहरों पर राहत दिखाई दी।
एक महीने में पहली बार निफ्टी 25,400 के पार पहुँचा। यह स्तर निफ्टी ने पिछली बार 19 सितंबर को पार किया था। सुबह 9:26 बजे तक बीएसई सेंसेक्स 364 अंक यानी 0.44% की बढ़त के साथ 82,969.45 पर था, जबकि निफ्टी 50 इंडेक्स 102 अंक यानी 0.41% की तेजी के साथ 25,426.40 पर ट्रेड कर रहा था।
अदाणी ग्रुप के शेयरों में भी आज रौनक देखने को मिली। अदाणी एंटरप्राइजेज 1.63% चढ़कर ₹2,574 पर पहुँचा, जबकि अदाणी ग्रीन एनर्जी में 1.84% की तेजी रही और यह ₹1,063 पर ट्रेड कर रहा था। अदाणी टोटल गैस 1.20% की बढ़त के साथ ₹626.45 पर पहुँचा, वहीं अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन 1.59% उछलकर ₹1,473.70 पर ट्रेड कर रहा था। अदाणी एनर्जी सॉल्यूशन्स में 1.46% की बढ़त दर्ज की गई और यह ₹958 पर पहुँचा, जबकि एनडीटीवी के शेयर में भी 1.07% की मजबूती रही।
सेंसेक्स के टॉप गेनर्स में एक्सिस बैंक, अदाणी पोर्ट्स, टाइटन, कोटक बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बीईएल, टाटा मोटर्स, एनटीपीसी और एचसीएल टेक शामिल रहे। वहीं, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टीसीएस, टाटा स्टील और सन फार्मा के शेयरों में मामूली गिरावट देखने को मिली।
ब्रॉडर मार्केट में भी सकारात्मक रुझान कायम रहा। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.23% ऊपर रहा, जबकि निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.56% की बढ़त के साथ ट्रेड कर रहा था। यह दर्शाता है कि निवेशकों की दिलचस्पी मिड और स्मॉलकैप शेयरों में बनी हुई है।
सेक्टर इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी ऑटो और निफ्टी प्राइवेट बैंक इंडेक्स में 0.8% की तेजी रही, जबकि निफ्टी रियल्टी इंडेक्स 0.6% ऊपर रहा। इसके विपरीत, निफ्टी आईटी इंडेक्स लाल निशान में रहा और 0.14% गिरा, क्योंकि टेक कंपनियों के शेयरों का प्रदर्शन मिला-जुला रहा।
वैश्विक स्तर पर भी बाजार को सकारात्मक संकेत मिले। एशियाई बाजारों में मजबूती देखने को मिली, जबकि अमेरिकी बाजार बुधवार को ज्यादातर हरे निशान में बंद हुए। अमेरिका के बड़े बैंकों के बेहतर नतीजों ने ग्लोबल मार्केट सेंटीमेंट को मजबूत किया है, और इसका असर भारतीय बाजार पर भी साफ दिखाई दिया।