खुलते ही गिरा शेयर बाजार, अमेरिका के टैरिफ की आशंका से निवेशकों में घबराहट
18 जुलाई 2025, शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत कमजोरी के साथ हुई। सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में करीब 208 अंक गिरकर 82,050 के पास पहुंच गया, जबकि निफ्टी 48 अंकों की गिरावट के साथ 25,063 पर ट्रेड करता दिखा। बाजार में यह गिरावट अमेरिका द्वारा भारत पर 10-15 फीसदी टैरिफ लगाए जाने की संभावित तैयारी को लेकर मीडिया रिपोर्ट्स में आई खबरों के बाद देखने को मिली है। इससे भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की दिशा को लेकर निवेशकों के बीच अनिश्चितता का माहौल बन गया है।
इस गिरावट में सबसे बड़ा लूजर एक्सिस बैंक रहा, जिसके शेयरों में 5% तक की गिरावट दर्ज हुई। इसके अलावा कोटक बैंक, सन फार्मा, सिपला, भारती एयरटेल, ग्रासिम, SBI लाइफ और SBI के शेयर भी लाल निशान में रहे। दूसरी ओर विप्रो के शेयरों में 2.6% तक की तेजी आई, वहीं M&M, टाटा स्टील, JSW स्टील, हीरो मोटोकॉर्प, HCL टेक और एलएंडटी जैसे शेयरों में भी बढ़त देखने को मिली।
हालांकि शुरुआत में गिरावट झेलने के बाद मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में हल्की रिकवरी दिखी। निफ्टी मिडकैप 0.15% और स्मॉलकैप 0.10% ऊपर आए। सेक्टोरल परफॉर्मेंस की बात करें तो Nifty Auto और Nifty Realty इंडेक्स हरे निशान में रहे और 0.6% तक चढ़े, जबकि Nifty Private Bank इंडेक्स में 1% की गिरावट देखने को मिली।
गौरतलब है कि गुरुवार 17 जुलाई को भी बाजार में गिरावट रही थी, जब सेंसेक्स 375 अंक फिसलकर 82,259 और निफ्टी 100 अंकों की गिरावट के साथ 25,111 पर बंद हुआ था। यानी बाजार लगातार दबाव में है और अमेरिका-भारत व्यापार टकराव की आशंका इसके मुख्य कारणों में से एक बनकर उभर रही है।