हिंदी सिनेमा के ‘ही-मैन’ और दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन को नौ दिन बीत चुके हैं, लेकिन उनके चाहने वालों और परिवार का दुख अब भी कम नहीं हुआ है। 24 नवंबर को 89 वर्ष की उम्र में धर्मेंद्र ने दुनिया को अलविदा कह दिया। उनके निधन के बाद पूरा देश शोक में डूब गया था। परिवार ने उनकी अंतिम इच्छा का सम्मान करते हुए पूरी शांति और सादगी से उनका अंतिम संस्कार किया। हेमा मालिनी ने भी हाल ही में एक फिल्ममेकर को बताया था कि धर्मेंद्र नहीं चाहते थे कि उनके प्रशंसक उन्हें कमजोर अवस्था में देखें, इसलिए परिवार ने उनकी इच्छा का पालन किया और किसी भी तरह की भीड़ या मीडिया की उपस्थिति के बिना अंतिम संस्कार किया।
निधन के नौ दिन बाद देओल परिवार बुधवार को हरिद्वार पहुंचा, जहां वैदिक रीति-रिवाजों के साथ धर्मेंद्र की अस्थियों का गंगा में विसर्जन किया गया। परिवार सुबह करीब 11 बजे हरिद्वार के श्रवण नाथ नगर स्थित पीलीभीत हाउस के निजी घाट पर पहुँचा। पंडितों की मौजूदगी में शांत वातावरण के बीच अस्थि-विसर्जन की प्रक्रिया संपन्न की गई। इस दौरान उनके दोनों बेटे सनी देओल और बॉबी देओल परिवार के सदस्यों के साथ मौजूद थे। एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें परिवार गंगा किनारे एक साथ खड़ा दिखाई देता है। अस्थि-विसर्जन के बाद बॉबी देओल खुद को संभाल नहीं सके और भावुक होकर परिवारजनों को गले लगाते हुए अपने पिता के प्रति दुख व्यक्त करते नजर आए।
हरिद्वार में धर्म जी की अस्थि विसर्जन के लिए देओल परिवार।
ॐ शांति 🙏💐#DeolFamily #Dharmendra #AsthiVisarjan #Haridwar #OmShanti
[ Dharmendra, Deol Family, Asthi Visarjan, Haridwar, Om Shanti ] pic.twitter.com/lg5LH4be7K
— One India News (@oneindianewscom) December 3, 2025
देओल परिवार ने पूरी गोपनीयता के साथ इस प्रक्रिया को अंजाम दिया, ठीक वैसे ही जैसे धर्मेंद्र की अंतिम इच्छा थी। इससे पहले परिवार ने मुंबई में एक शांतिपूर्ण प्रार्थना सभा का आयोजन किया था, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री के कई सितारे शामिल हुए। हेमा मालिनी ने अपने घर पर भी गीता पाठ का आयोजन करवाया था और बाद में एक्स पर धर्मेंद्र की एक तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि धर्मेंद्र उनके लिए “सब कुछ” थे।
धर्मेंद्र के जाने से पैदा हुआ खालीपन न सिर्फ उनके परिवार बल्कि पूरी फिल्म इंडस्ट्री और उनके करोड़ों प्रशंसकों के लिए बेहद गहरा है। उनका सादगीभरा व्यक्तित्व, बेबाक अंदाज़ और शानदार अभिनय हमेशा भारतीय सिनेमा की यादों में अमर रहेगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel