रूसी राष्ट्रपति व्लादिमिर पुतिन गुरुवार (4 दिसंबर 2025) शाम करीब 4:30 बजे दो दिन के दौरे पर दिल्ली पहुँच रहे हैं। यह यात्रा भारत और रूस की पारंपरिक रणनीतिक और आर्थिक साझेदारी को और अधिक मजबूत करने के तौर पर देखी जा रही है। पुतिन के आगमन के कुछ ही समय बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सम्मान में डिनर का आयोजन करेंगे।
शुक्रवार (5 दिसंबर 2025) को दोनों नेता 23वीं भारत–रूस वार्षिक शिखर वार्ता में हिस्सा लेंगे। इस बैठक में सुरक्षा, व्यापार, रक्षा और परमाणु ऊर्जा जैसे कई अहम मुद्दों पर बड़े फैसले लिए जाने की उम्मीद है। पश्चिमी देशों की भी इस मुलाकात पर विशेष नजर बनी हुई है।
पुतिन शुक्रवार सुबह राजघाट जाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि देंगे। इसके बाद हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन की मुख्य शिखर वार्ता होगी। माना जा रहा है कि इस मुलाकात के दौरान कई महत्वपूर्ण समझौतों की घोषणा हो सकती है। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है जब अमेरिका ने भारत पर 50% टैरिफ लगाया हुआ है, इसलिए यह बातचीत और भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
रक्षा सहयोग के मोर्चे पर भी दोनों देशों की व्यस्त चर्चा होगी। गुरुवार को ही रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और रूस के रक्षा मंत्री आद्रे बेलौसोव की एक अहम बैठक निर्धारित है। इसमें भारत की सुरक्षा आवश्यकताओं पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। चर्चा में S-400 मिसाइल सिस्टम की अतिरिक्त खरीद और सुखोई-30 लड़ाकू विमानों के अपग्रेड पर भी विचार होगा। इसके साथ ही रूस से सैन्य उपकरणों की समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करने पर जोर रहेगा। दोनों देशों के बीच लॉजिस्टिक सपोर्ट से जुड़ा एक बड़ा समझौता भी संभव है।
व्यापार और परमाणु ऊर्जा इस शिखर वार्ता के प्रमुख विषयों में शामिल रहेंगे। दोनों देश मिलकर यह प्रयास करेंगे कि उनके द्विपक्षीय व्यापार पर बाहरी दबावों का प्रभाव न पड़े। इस यात्रा के दौरान कई व्यापारिक और श्रम संबंधी समझौते किए जा सकते हैं, जिनमें भारतीय कामगारों के रूस आने-जाने की प्रक्रिया को आसान बनाना भी शामिल है।
सिविल न्यूक्लियर एनर्जी पर सहयोग बढ़ाने के लिए भी एक महत्वपूर्ण समझौता होने की संभावना है। रूस की सरकारी परमाणु कंपनी ‘रोसएटम’ इस क्षेत्र में भारत के साथ एक नया समझौता (MoU) करेगी। कुडनकुलम में पहले से रिएक्टर निर्माण कर रही रोसएटम भारत में छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर (SMR) बनाने के लिए भी साझेदारी का प्रस्ताव रखेगी।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel