दिल्ली के द्वारका जिले के उत्तम नगर थाना क्षेत्र के ओम विहार फेस-1 में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी देवर के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। 35 वर्षीय करण देव की रविवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। शुरुआत में पत्नी सुष्मिता देव ने परिजनों को बताया कि करण को करंट लग गया है, जिसके बाद उसे मग्गो अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, लेकिन इस प्रक्रिया में सुष्मिता, उसके चचेरे देवर राहुल देव और उसके पिता ने टालमटोल शुरू कर दी, जिससे करण के परिवार को शक हुआ।
सच्चाई तब सामने आई जब करण के छोटे भाई कुनाल को राहुल ने किसी काम के लिए अपना मोबाइल दिया और उसमें सुष्मिता और राहुल के बीच इंस्टाग्राम पर हुई बातचीत दिख गई।

चैट में हत्या की रात की घटना और साजिश से जुड़े पूरे सबूत थे। कुनाल ने तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद सुष्मिता और राहुल को हिरासत में ले लिया गया। जांच में सामने आया कि सुष्मिता और राहुल पिछले दो वर्षों से प्रेम संबंध में थे और उन्होंने करण की हत्या इसलिए की ताकि वे साथ रह सकें और करण की संपत्ति पर कब्जा कर सकें। फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और मामले की गहन जांच जारी है।