नोएडा के सेक्टर-150 में इंजीनियर युवराज मेहता की मौत से जुड़े दो नए वीडियो सामने आए हैं, जिन्होंने रेस्क्यू सिस्टम की गंभीर खामियों को उजागर कर दिया है। ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और दावा किया जा रहा है कि इनमें युवराज के आखिरी पलों से जुड़ी तस्वीरें और बचाव कार्य की वास्तविक स्थिति कैद है।
वीडियो रिकॉर्ड करने वाला शख्स कैमरे पर यह कहते हुए सुनाई देता है कि रात करीब 11:45 बजे कार के पानी में गिरने की सूचना मिल चुकी थी, जबकि वह खुद 12 बजे से मौके पर मौजूद था। वीडियो में फायर विभाग, पुलिस, एंबुलेंस और अन्य संसाधनों की मौजूदगी भी साफ नजर आती है, लेकिन इसके बावजूद रेस्क्यू की गति और तरीके पर सवाल उठ रहे हैं।
नोएडा के सेक्टर 150 में इंजीनियर की मौत के दौरान का नया वीडियो आया सामने #NoidaAccident #YuvrajMehtaCase#Noida #YuvrajMehta #EngineerDeath
[ Noida, Sector150, EngineerDeath, YuvrajMehta, ViralVideo ] pic.twitter.com/i4uMihbml5
— One India News (@oneindianewscom) January 24, 2026
रिकॉर्डिंग में व्यक्ति लगातार हालात पर चिंता जताता दिखता है। वह कहता है कि दलदल करीब 20 फीट तक है, जमीन खिसक रही है और जिस दीवार पर लोग खड़े हैं, वह भी अस्थिर है। वीडियो में यह भी सुना जा सकता है कि बिना रस्सी बांधे लोगों को पानी में उतारा जा रहा है, जबकि पानी की सतह ऊबड़-खाबड़ है और वहां तैरना भी संभव नहीं बताया जा रहा।
वायरल फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि पानी में बड़े-बड़े पत्थर पड़े हैं और एक व्यक्ति बिना किसी सुरक्षा रस्सी या पर्याप्त सेफ्टी उपकरण के पानी में उतरता हुआ दिखाई देता है। पूरे घटनास्थल पर अव्यवस्था और समन्वय की कमी कैमरे में कैद हो गई है, जिससे रेस्क्यू ऑपरेशन की तैयारी और प्रोफेशनलिज़्म पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
बताया जा रहा है कि ये वीडियो उस वक्त के हैं, जब इंजीनियर युवराज मेहता बोलना बंद कर चुका था। वीडियो बनाने वाला व्यक्ति लगातार रेस्क्यू की टाइमिंग, संसाधनों की कमी और सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठाता नजर आता है, जो अब सोशल मीडिया पर बहस का विषय बन गया है।
इन वीडियो के सामने आने के बाद रेस्क्यू में देरी, सुरक्षा उपायों की कमी और मानक प्रक्रियाओं के पालन को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। मामले से जुड़े ये फुटेज अब जांच के लिहाज से बेहद अहम माने जा रहे हैं और युवराज मेहता की मौत के मामले को और संवेदनशील बना दिया है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel