प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार (06 फरवरी 2026) को ‘परीक्षा पर चर्चा’ (Pariksha Pe Charcha) के 9वें संस्करण में छात्रों, शिक्षकों और अभिभावकों से सीधा संवाद किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षाओं से जुड़े तनाव, आत्मविश्वास, करियर विकल्प और नई तकनीक के इस्तेमाल जैसे अहम मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दबाव से बाहर निकालकर सकारात्मक सोच और संतुलित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इस बार कार्यक्रम की खास बात यह रही कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के विभिन्न हिस्सों में जाकर छात्रों से संवाद किया। उन्होंने गुजरात के देवमोगरा, तमिलनाडु के कोयंबटूर, छत्तीसगढ़ के रायपुर, असम के गुवाहाटी सहित दिल्ली स्थित अपने आवास पर छात्रों से बातचीत की। संवाद के दौरान छात्रों ने प्रधानमंत्री को विभिन्न पारंपरिक उपहार भी भेंट किए।
छात्रों के सवालों का जवाब देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि जीवन में संतुलन सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि कौशल दो प्रकार के होते हैं — जीवन कौशल और काम से जुड़े कौशल। प्रधानमंत्री ने कहा कि केवल किताबों से सीखना पर्याप्त नहीं है, बल्कि अनुभव, बड़ों से सीख और नई तकनीकों की समझ भी जरूरी है। उन्होंने छात्रों को जीवनभर सीखते रहने की सलाह दी।
A wonderful discussion with students on approaching exams with confidence and positivity. Do watch this very special episode of Pariksha Pe Charcha!#ParikshaPeCharcha26 https://t.co/k7IN79qvek
— Narendra Modi (@narendramodi) February 6, 2026
एक छात्र द्वारा गेमिंग को करियर बनाने को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि शुरुआत में माता-पिता का संकोच सामान्य है। उन्होंने छात्रों को शांत रहकर मेहनत करने और अपनी क्षमता साबित करने की सलाह दी। पीएम मोदी ने कहा कि जब सफलता मिलती है तो वही उपलब्धि परिवार के लिए गर्व बन जाती है।
प्रधानमंत्री ने छात्रों को प्रेरित करते हुए महान व्यक्तित्वों की जीवनियां पढ़ने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि इससे यह समझ मिलती है कि हर सफल व्यक्ति ने संघर्ष और मेहनत से अपनी मंजिल हासिल की है। जीवनियां पढ़ने से सही योजना बनाने और धैर्य बनाए रखने में मदद मिलती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) छात्रों के लिए एक बेहतरीन सहायक साबित हो सकती है। उन्होंने सुझाव दिया कि छात्र AI का उपयोग नोट्स बनाने, सारांश तैयार करने और अपनी समझ को बेहतर करने के लिए कर सकते हैं। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि तकनीक लक्ष्य तक पहुंचने का शॉर्टकट नहीं है, बल्कि सीखने की प्रक्रिया को आसान बनाती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel