पाकिस्तान के कराची शहर के डिफेंस हाउसिंग अथॉरिटी (DHA) इलाके में उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़कों पर लगे डिजिटल विज्ञापन बोर्डों पर अचानक अश्लील वीडियो चलने लगे। सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह की सामग्री दिखाई देने से लोगों में नाराजगी फैल गई और सोशल मीडिया पर भी घटना तेजी से चर्चा में आ गई। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया और एक संदिग्ध को गिरफ्तार कर लिया है।
व्यस्त इलाके में सामने आई घटना
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना कराची के व्यस्त इलाके खयाबान-ए-इत्तेहाद के पास सामने आई। सूचना मिलते ही संबंधित कंपनी और पुलिस टीम मौके पर पहुँची और डिजिटल स्क्रीन को तत्काल बंद करा दिया गया। अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर DHA की अन्य प्रमुख सड़कों के साथ-साथ शाहराह-ए-फैसल और कारसाज रोड पर लगी सभी डिजिटल स्क्रीन को भी अस्थायी रूप से बंद कर दिया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया तकनीकी कारण
कराची साउथ के डिप्टी इंस्पेक्टर जनरल सैयद असद रजा ने बताया कि जांच के दौरान कंपनी के एक कर्मचारी को हिरासत में लिया गया है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने दावा किया कि उसके मोबाइल फोन में मौजूद निजी वीडियो गलती से डिजिटल स्क्रीन पर चल गया, जिससे यह घटना हुई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में संबंधित कंपनी के लीगल एडवाइजर की शिकायत पर गिजरी पुलिस स्टेशन में पाकिस्तान पीनल कोड की धारा 292 के तहत केस दर्ज किया गया है। यह धारा सार्वजनिक स्थानों पर अश्लील सामग्री प्रसारित करने से जुड़ी है। पुलिस फिलहाल तकनीकी और डिजिटल सिस्टम की भी जांच कर रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel