कोलकाता में भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायक दल की बैठक में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने नवनिर्वाचित विधायकों को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल में पार्टी की ऐतिहासिक जीत को “वैचारिक विजय” करार दिया। इस बैठक में सर्वसम्मति से शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया, जो 9 मई 2026 को मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
अपने संबोधन की शुरुआत भावनात्मक अंदाज में करते हुए अमित शाह ने कहा कि इतने बड़े विधायक दल को देखकर उन्हें अत्यंत खुशी हो रही है। उन्होंने सभी विधायकों को बधाई दी और कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताकर यह जनादेश दिया है, जो राज्य के विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा।
टैगोर के विचारों का उल्लेख, ‘भयमुक्त बंगाल’ का संकल्प
अमित शाह ने रवीन्द्रनाथ टैगोर की प्रसिद्ध पंक्तियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अब बंगाल में “भयमुक्त समाज” का सपना साकार होता दिख रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में नकारात्मक राजनीति का अंत हो चुका है और जनता ने स्पष्ट रूप से विकास और परिवर्तन का रास्ता चुना है।
Live from West Bengal BJP Legislature Party meeting.
পশ্চিমবঙ্গ বিজেপি বিধায়ক দলের বৈঠক থেকে সরাসরি। https://t.co/prZv2smKCV
— Amit Shah (@AmitShah) May 8, 2026
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को श्रद्धांजलि
शाह ने श्यामा प्रसाद मुखर्जी को याद करते हुए कहा कि बंगाल में BJP की सरकार बनना उनके बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रवाद की जिस विचारधारा की नींव मुखर्जी ने रखी थी, आज उसी विचारधारा की सरकार उनकी जन्मभूमि में स्थापित हो रही है।
चुनावी जीत और संघर्ष का जिक्र
गृह मंत्री ने बताया कि इस चुनाव में BJP विधायकों की औसत जीत का अंतर लगभग 28 हजार वोट रहा। उन्होंने भवानीपुर सीट का जिक्र करते हुए कहा कि शुभेंदु अधिकारी की जीत जनता के बड़े संदेश को दर्शाती है।
उन्होंने यह भी कहा कि यह जीत आसान नहीं थी और 321 पार्टी कार्यकर्ताओं ने इस संघर्ष में अपने प्राण गंवाए। शाह ने कहा कि उन्होंने देशभर में राजनीति देखी है, लेकिन बंगाल जैसी हिंसा कहीं नहीं देखी।
घुसपैठ और सुरक्षा पर सख्त रुख
अमित शाह ने असम का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह वहां घुसपैठ पर रोक लगाई गई है, उसी तरह अब बंगाल में भी अवैध घुसपैठ को पूरी तरह समाप्त किया जाएगा। उन्होंने बंगाल को रामकृष्ण परमहंस, स्वामी विवेकानन्द और श्री अरबिंदो के आदर्शों वाला राज्य बनाने का संकल्प दोहराया।
रवींद्र जयंती पर होगा शपथ ग्रहण समारोह
शपथ ग्रहण समारोह 9 मई 2026 को रवींद्र जयंती के अवसर पर ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई राज्यों के मुख्यमंत्री शामिल होंगे।
हिंसा से दूर रहने की अपील
अपने संबोधन के अंत में अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि सरकार बनने के बाद किसी भी प्रकार की हिंसा या प्रतिशोध की राजनीति से बचा जाए। उन्होंने कहा कि जनता ने सेवा का अवसर दिया है और उसे पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel