गोवा पुलिस ने अलेक्सी लियोनोव नाम के एक रशियन नागरिक को गिरफ्तार किया है, जिसने अपनी दो महिला मित्रों, एलेना वानीवा और एलेना कास्थानोवा की बेरहमी से गला रेतकर हत्या कर दी। हैरानी की बात यह है कि आरोपित ने पुलिस के सामने दावा किया कि उसने अब तक 15 महिलाओं को ‘मुक्ति’ दिलाई है। हालांकि, पुलिस को अब तक केवल दो हत्याओं के पुख्ता सबूत मिले हैं और आरोपी बार-बार अपने बयान बदल रहा है।
पुलिस की पूछताछ में अलेक्सी ने हत्या की वजह भी बताई। उसने कहा कि यह कोई सोची-समझी साजिश नहीं थी, बल्कि मामूली बात पर उपजा गुस्सा था। एक महिला ने उससे कुछ पैसे उधार लिए थे, जबकि दूसरी ने महज 100 रुपए का एक रबर का मुकुट (Crown) लिया था। जब उन्होंने ये चीजें वापस नहीं कीं, तो अलेक्सी ने आपा खो दिया और 14 व 15 जनवरी को अलग-अलग जाकर दोनों की हत्या कर दी। गिरफ्तारी के बाद उसने पुलिस को गुमराह करने के लिए 15 हत्याओं का दावा किया। उसने कहा कि वह हत्या नहीं करता, बल्कि लोगों को जीवन से मुक्ति दिलाता है। उसने 5 अन्य लोगों के नाम भी लिए, जिन्हें उसने मारने का दावा किया, लेकिन जांच में वे सभी जिंदा पाए गए।

पुलिस का मानना है कि अलेक्सी मानसिक रूप से अस्थिर है और अक्सर नशे में रहता है। उसके फोन से 100 से अधिक महिलाओं की तस्वीरें मिली हैं, जिससे मामले में किसी बड़ी सनक का अंदेशा जताया जा रहा है। गोवा पुलिस अब उन तमाम जगहों पर छापेमारी कर रही है जहाँ अलेक्सी ठहरा था। उत्तरी गोवा के मंड्रेम, अरम्बोल और मोरजिम इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। फॉरेंसिक टीमें सबूत जुटा रही हैं और रशियन दूतावास से अलेक्सी का पिछला रिकॉर्ड मांगा गया है।
हालांकि, आरोपी जांच भटकाने की कोशिश कर रहा है, लेकिन पुलिस हर एंगल से तफ्तीश कर रही है ताकि यह साफ हो सके कि क्या उसके दावों में कोई सच्चाई है या यह सिर्फ एक नशेड़ी का मनगढ़ंत किस्सा है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel