हरियाणा के गुरुग्राम के पॉश इलाके DLF फेज-3 में बिहार के एक युवक के साथ मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि युवक की भाषा का मजाक उड़ाने के बाद उस पर बेरहमी से हमला किया गया। पुलिस ने मामले में FIR दर्ज कर ली है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
क्या है पूरा मामला?
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, घटना 21 मई 2026 की है। बिहार के भोजपुर जिले के रहने वाले आदित्य राज पांडेय को उसके दोस्त अंश त्यागी ने देर रात करीब 2 बजे एक कमरे पर मिलने के लिए बुलाया था।
कमरे में पहले से दो युवक उदय सनसनवाल और निखिल सनसनवाल एक लड़की के साथ मौजूद थे। दोनों आरोपी कथित रूप से शराब के नशे में थे।
कुछ समय बाद आरोपियों ने आदित्य की भाषा का मजाक उड़ाना शुरू कर दिया और कहा कि “हमें तेरी भाषा समझ नहीं आ रही है।” जब आदित्य ने इसका विरोध किया, तो दोनों ने उस पर हमला कर दिया।
आरोप है कि आदित्य को थप्पड़, घूंसे और लातों से बेरहमी से पीटा गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
पीड़ित अस्पताल में भर्ती
मारपीट में आदित्य के चेहरे और सिर पर गंभीर चोटें आईं, आंखों के आसपास सूजन और नीले निशान हैं। दोस्तों ने बीचबचाव कर उसे बचाया और अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पुलिस कार्रवाई
आदित्य की शिकायत पर पुलिस ने उदय सनसनवाल और निखिल सनसनवाल के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों आरोपी फिलहाल फरार हैं और पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।
पिछले मामले से जोड़कर देखा जा रहा मामला
इसी तरह का एक मामला पहले दिल्ली के जाफरपुर कलां में भी सामने आया था, जहां एक बिहार के युवक को ‘बिहारी’ कहकर गोली मार दी गई थी। यह घटना 26 अप्रैल 2026 की बताई जाती है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel