कोलकाता के नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को एक बड़ा विमान हादसा टल गया। काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे तुर्किश एयरलाइंस के विमान की इंजन से धुआं निकलने की आशंका के बाद इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। राहत की बात यह रही कि विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित हैं।
उड़ान के दौरान इंजन से धुआं निकलने का शक
जानकारी के अनुसार, तुर्किश एयरलाइंस का यह विमान काठमांडू से उड़ान भरकर इस्तांबुल जा रहा था। उड़ान के दौरान पायलट को विमान के दाहिने इंजन से धुआं या आग लगने की आशंका हुई, जिसके बाद तुरंत कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क किया गया।
कोलकाता में कराई गई फुल इमरजेंसी लैंडिंग
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विमान की कोलकाता एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। यह विमान दोपहर 2 बजकर 49 मिनट पर सुरक्षित रूप से नेताजी सुभाष चंद्र बोस इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NSCBI) पर उतरा।
236 यात्री थे सवार
एयरपोर्ट अधिकारियों के मुताबिक, विमान में कुल 236 यात्री सवार थे। सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
एयरपोर्ट डायरेक्टर का बयान
कोलकाता एयरपोर्ट के डायरेक्टर ने बयान जारी कर बताया कि
“काठमांडू से इस्तांबुल जा रहे टर्किश एयरलाइंस के विमान की कोलकाता एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। कैप्टन ने ATC को दाहिने इंजन में आग लगने की आशंका की जानकारी दी थी। फिलहाल विमान एयरपोर्ट पर ही है और तकनीकी जांच की जा रही है।”
विमान की तकनीकी जांच जारी
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार, विमान को सुरक्षित स्थान पर खड़ा कर दिया गया है और इंजीनियरिंग टीम द्वारा तकनीकी जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की उड़ान को लेकर फैसला लिया जाएगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel