पाकिस्तान में सेना प्रमुख जनरल आसिम मुनीर के बढ़ते प्रभाव और कथित तानाशाही प्रवृत्ति को लेकर अब अमेरिका में भी गंभीर राजनीतिक चिंता सामने आई है। इसी पृष्ठभूमि में अमेरिकी कॉन्ग्रेस के 49 सदस्यों ने विदेश मंत्री मार्को रुबियो को एक सख्त पत्र भेजकर पाकिस्तान की स्थिति पर तत्काल हस्तक्षेप की माँग की है। पत्र में कहा गया है कि पाकिस्तान में लोकतांत्रिक ढाँचा तेजी से कमजोर हो रहा है और सैन्य नेतृत्व संविधान से ऊपर खड़े होकर फैसले ले रहा है, जो एक चिंताजनक संकेत है।
Pakistan is facing an escalating crisis of authoritarianism, where democratic institutions and fundamental freedoms are being systematically dismantled: Several uS Lawmakers write to US Secretary of State Rubio pic.twitter.com/E0dYXbcRpA
— Sidhant Sibal (@sidhant) December 4, 2025
अमेरिकी सांसदों ने अपने पत्र में स्पष्ट माँग की है कि अमेरिका उन पाकिस्तानी अधिकारियों को सीधे तौर पर निशाना बनाए जो लोकतंत्र और मानवाधिकारों के दमन में शामिल हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे व्यक्तियों पर तुरंत एंट्री बैन लगाया जाए, जिससे उन्हें किसी भी परिस्थिति में अमेरिका आने की अनुमति न मिले। सांसदों के अनुसार, इस समय सबसे बड़ी चिंता यह है कि पाकिस्तान में संविधान संशोधन के माध्यम से सेना प्रमुख को ‘फील्ड मार्शल’ जैसे असाधारण पद देने की तैयारी की जा रही है। इस पद के पास थलसेना, नौसेना और वायुसेना की संयुक्त कमान होगी और उसके खिलाफ किसी भी तरह की कानूनी कार्यवाही नहीं की जा सकेगी।
पत्र में यह भी आरोप लगाया गया है कि यह पूरा प्रयास पाकिस्तान में लोकतंत्र के औपचारिक अंत की ओर बढ़ता कदम है। इसके साथ ही, यह भी कहा गया कि पाकिस्तान में सत्ता-विरोधी आवाजों को कुचलने के लिए गिरफ्तारियाँ की जा रही हैं, लोगों को प्रताड़ित किया जा रहा है और विदेशों में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों के परिवारों तक को परेशान किया जा रहा है। अमेरिकी सांसदों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि अमेरिका ने समय रहते कड़े कदम नहीं उठाए, तो पाकिस्तान पूरी तरह स्थायी सैन्य शासन की ओर बढ़ सकता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel