राजस्थान की राजधानी जयपुर में खाद्य एवं सुरक्षा विभाग की जांच में गंभीर खाद्य मानक उल्लंघन सामने आए हैं। सोमवार (9 फरवरी 2026) को मालवीय नगर स्थित गौरव टावर में निरीक्षण के दौरान मैकडॉनल्ड्स के एक आउटलेट से बार-बार इस्तेमाल किया गया कुकिंग ऑयल बरामद किया गया। इसके अलावा घाटगेट क्षेत्र में छापेमारी के दौरान बड़ी मात्रा में घटिया गुणवत्ता का पनीर भी जब्त कर नष्ट किया गया।
मैकडॉनल्ड्स आउटलेट पर मिला इस्तेमाल किया हुआ तेल
खाद्य सुरक्षा अधिकारियों ने बताया कि गौरव टावर स्थित मैकडॉनल्ड्स आउटलेट पर निरीक्षण के दौरान लगभग 40 लीटर दोबारा इस्तेमाल किया गया कुकिंग ऑयल मिला। जांच में पाया गया कि इसी तेल में फ्रेंच फ्राइज समेत अन्य खाद्य पदार्थ तले जा रहे थे।
ऑन-साइट टेस्ट में तेल में टोटल पोलर कंपाउंड (TPC) का स्तर 28% से 31% तक पाया गया, जबकि खाद्य सुरक्षा मानकों के अनुसार इसकी सीमा 25% निर्धारित है। जांच के दौरान स्टोरेज एरिया से सड़े हुए टमाटर भी मिले।
अधिकारियों ने तेल और खराब सामग्री को तुरंत नष्ट करने का आदेश देते हुए आउटलेट को 14 दिन के भीतर खाद्य मानकों का पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है। विभाग ने शहर के अन्य आउटलेट्स की भी जांच करने की बात कही है।
मदीना डेयरी से 650 किलो घटिया पनीर जब्त
इसी अभियान के तहत चौकड़ी टोपखाना, घाटगेट स्थित मदीना डेयरी और बेकर्स पर छापेमारी में करीब 650 किलो घटिया गुणवत्ता का पनीर बरामद हुआ। अधिकारियों ने मौके पर ही इसे नष्ट कर दिया और नमूनों को लैब जांच के लिए भेजा गया है।
दुकान मालिक मुस्तफा खान ने बताया कि पनीर अलवर जिले के रामगढ़ से लगभग 200 रुपये प्रति किलो में खरीदा गया था। उसने स्वीकार किया कि पनीर तेल और मिल्क पाउडर से तैयार किया गया था, जिसे बाजार में 220 रुपये प्रति किलो या मांग के अनुसार अधिक कीमत पर बेचा जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा विभाग सख्त
खाद्य एवं सुरक्षा विभाग ने कहा है कि खाद्य मानकों से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और आगे भी नियमित जांच अभियान जारी रहेगा।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel