उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट में धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक विरासत के विकास को आर्थिक प्रगति से जोड़ते हुए बड़ा कदम उठाया है। 9.12 लाख करोड़ रुपए के इस बजट में अयोध्या, काशी, मथुरा, नैमिषारण्य और विन्ध्यवासिनी धाम जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों के विकास के लिए ₹1500 करोड़ से अधिक का प्रावधान किया गया है। सरकार का लक्ष्य धार्मिक आस्था को पर्यटन, रोजगार और निवेश के माध्यम से आर्थिक विकास का नया मॉडल बनाना है।
बजट में धार्मिक पर्यटन पर बड़ा फोकस
विधानसभा में बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि इस बार का बजट पिछले वर्ष की तुलना में करीब 13 प्रतिशत अधिक है और इसमें 43 हजार करोड़ रुपए की नई योजनाओं की घोषणा की गई है। अयोध्या के विकास के लिए 100 करोड़ रुपए, जबकि मेरठ, मथुरा-वृंदावन और कानपुर के लिए करीब 750 करोड़ रुपए का प्रस्ताव रखा गया है।
मिर्जापुर स्थित माँ विन्ध्यवासिनी धाम, माँ अष्टभुजा मंदिर और माँ काली खोह मंदिर के विकास के लिए 200 करोड़ रुपए आवंटित किए गए हैं। इसके अलावा संरक्षित मंदिरों के जीर्णोद्धार और पुनर्निर्माण के लिए 100 करोड़ रुपए प्रस्तावित हैं।
अयोध्या बनेगी सोलर सिटी
अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित करने के लिए एनटीपीसी द्वारा 40 मेगावाट क्षमता का सोलर प्लांट स्थापित किया गया है। सरयू नदी के किनारे 165 हेक्टेयर भूमि पर बने इस प्रोजेक्ट से प्रतिदिन लगभग 250 मिलियन यूनिट बिजली उत्पादन हो रहा है, जिससे स्वच्छ ऊर्जा को बढ़ावा मिलेगा।
पर्यटन से रोजगार और निवेश बढ़ाने की योजना
सरकार ने पर्यटन को रोजगार सृजन का प्रमुख माध्यम बनाने की रणनीति अपनाई है। बजट में 10 हजार टूरिस्ट गाइडों के कौशल विकास की योजना और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए 500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। सारनाथ और हस्तिनापुर जैसे ऐतिहासिक स्थलों को अंतरराष्ट्रीय पर्यटन मानचित्र पर स्थापित करने की दिशा में भी कदम उठाए जा रहे हैं।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या से मजबूत होती अर्थव्यवस्था
सरकार के अनुसार, जनवरी से जून 2025 के बीच करीब 122 करोड़ पर्यटक उत्तर प्रदेश पहुंचे, जिनमें 121 करोड़ से अधिक भारतीय और 33 लाख विदेशी पर्यटक शामिल हैं। धार्मिक, सांस्कृतिक और विरासत पर्यटन को बढ़ावा देकर सरकार राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में काम कर रही है।
योगी सरकार का मानना है कि परंपरा और आधुनिक विकास को जोड़कर आस्था को आर्थिक शक्ति में बदला जा सकता है, जो आने वाले समय में अन्य राज्यों के लिए भी मॉडल बन सकता है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel