एक वीडियो ऑनलाइन शेयर किया जा रहा है जिसमें एक महिला को दुकान से सामान चुराते हुए पकड़ा गया और उसे अपने कपड़ों के नीचे से चुराई हुई चीज़ें वापस करने के लिए कहा गया। इसे जिमिशा अवलानी (उर्फ अनाया) नाम की एक भारतीय महिला के संदर्भ में शेयर किया जा रहा है, जिसे कथित तौर पर अमेरिका के इलिनोइस स्थित एक टारगेट स्टोर से सामान चुराने की कोशिश करते हुए पकड़ा गया था। दावा किया जा रहा है कि वायरल वीडियो में दिख रही महिला जिमिशा अवलानी हैं। हम इस लेख के माध्यम से इस दावे की सच्चाई की जाँच करेंगे।
दावा : जिमिशा अवलानी नामक भारतीय महिला को अमेरिका में दुकान से चोरी करते हुए पकड़ा गया।
तथ्य : यह वीडियो मेक्सिको का है और इसका अमेरिका या जिमिशा अवलानी नाम की किसी महिला से कोई संबंध नहीं है। यह महिला कथित तौर पर 29 अप्रैल 2025 को मेक्सिको के कोआहुइला के साल्टिलो स्थित एक कॉपेल स्टोर में सामान चुराते हुए पकड़ी गई थी। इसलिए, पोस्ट में किया गया दावा भ्रामक है।
दावे की पुष्टि के लिए, हमने वायरल वीडियो के कीफ्रेम्स पर रिवर्स इमेज सर्च किया और अप्रैल 2025 में मैक्सिकन मीडिया आउटलेट्स द्वारा प्रकाशित इस घटना के बारे में समाचार रिपोर्ट पाईं।
इन रिपोर्टों के अनुसार, वीडियो में दिख रही महिला ने मेक्सिको के कोआहुइला के साल्टिलो स्थित प्लाज़ा पैटियो के अंदर कॉपेल स्टोर से सामान चुराने की कोशिश की । उसने अपने कपड़ों के नीचे कई सामान छिपाकर गर्भवती होने का नाटक किया।
कथित तौर पर उसने अपनी ड्रेस के नीचे कम से कम 10 जोड़ी जींस और कई टी-शर्ट छिपाई थीं। यह घटना कथित तौर पर 29 अप्रैल 2025 को मेक्सिको में हुई थी। इस घटना से जुड़ी रिपोर्टों में इस बात का कोई ज़िक्र नहीं है कि इसमें दिखाई गई महिला जिमिशा या अनाया अवलानी नाम की कोई भारतीय थी।
दूसरी ओर, जिमिशा अवलानी की दुकान से चोरी की घटना पर समाचार रिपोर्टों ने ‘बॉडी कैम एडिशन’ नामक एक यूट्यूब चैनल को अपना स्रोत बताया है। 14 जुलाई 2025 को उनके चैनल पर अपलोड किए गए इस मामले के पुलिस बॉडी कैम फुटेज के अनुसार , यह घटना 1 मई 2025 को हुई थी। इस वीडियो में दिख रही महिला, जिमिशा अवलानी, और वायरल वीडियो में दिख रही महिला, एक ही नहीं हैं।
संक्षेप में, मेक्सिको के एक असंबंधित वीडियो को गलत तरीके से एक भारतीय महिला, जिमिशा अवलानी से जोड़ा जा रहा है, जो कथित तौर पर अमेरिका के इलिनोइस में एक टारगेट स्टोर में चोरी करते हुए पकड़ी गई थी। साफ है, मेक्सिको में हुई चोरी की घटना को अमेरिका में चोरी के आरोप पकड़ी गई भारतीय महिला अनाया अवलानी का बताकर भ्रम फैलाया जा रहा है.