उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के छनवतिया गाँव में पहचान की चोरी और फर्जीवाड़े का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहाँ गुजरात के वलसाड जिले के भिलाड़ा निवासी अब्दुल रहमान खान ने लगभग 20 वर्षों तक मृत हिंदू व्यक्ति ‘राम दुलारे चौबे’ के नाम से जीवन बिताया। यह खुलासा तब हुआ जब उसने प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए आवेदन किया और दस्तावेज़ों के सत्यापन में उसकी वास्तविक पहचान सामने आ गई।
कैसे रची पहचान बदलने की साजिश
ग्रामीणों के अनुसार, असली राम दुलारे चौबे की मौत लगभग 30 साल पहले हो चुकी थी। लेकिन अब्दुल रहमान ने 2007 में मोहम्मद असलम के वोटर कार्ड को एडिट कर ‘राम दुलारे’ के नाम से नया वोटर कार्ड बनवा लिया। इसके बाद उसने धीरे–धीरे सरकारी दस्तावेज़ों में अपनी नई पहचान को वैध बनाया।
2016 में कंप्यूटर पर फर्जी आधार कार्ड भी तैयार कराया, जिसमें दो बार नाम बदलवाकर उसने पहचान को और मजबूत कर लिया।
फर्जी पहचान के दम पर जमीन हड़प ली
फर्जी दस्तावेज़ों का फायदा उठाकर आरोपी ने करीब डेढ़ बिगहा पुश्तैनी जमीन केवल तीन लाख रुपये में अपने नाम दर्ज करा ली, जबकि जमीन का बाजार मूल्य कहीं अधिक है।
इस दौरान उसने स्थानीय स्तर पर कई लोगों को विश्वास में लेकर सरकारी लाभ भी उठाए। पीड़ित परिवार ने बताया कि “हमारी पुश्तैनी जमीन को फर्जी कागज़ों के दम पर कब्जा लिया गया। यह हमारे अधिकारों पर गंभीर चोट है।”
PM आवास योजना में पकड़ा गया फर्जीवाड़ा
असली खुलासा तब हुआ जब अब्दुल ने प्रधानमंत्री आवास योजना (PMAY) के तहत घर बनाने के लिए आवेदन किया। सत्यापन के दौरान गलती से उसका गुजरात का असली आधार नंबर अपलोड हो गया।
जैसे ही अधिकारियों ने आधार और स्थानीय दस्तावेज़ों में विरोधाभास देखा, पूरी साजिश सामने आ गई। इसके बाद अब्दुल रहमान तुरंत गाँव से फरार हो गया।
जाँच और कार्रवाई शुरू
ग्रामीणों की शिकायत पर स्थानीय पुलिस ने धोखाधड़ी, फर्जीवाड़ा और अवैध कब्जे के मामलों में FIR दर्ज कर ली है।
बस्ती के एसपी डॉ. राम आशीष सिंह ने कहा,
“आरोपी के स्थानीय संपर्कों, फर्जी लेन-देन और गतिविधियों की जाँच की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियाँ सतर्क हैं और जल्द गिरफ्तारी होगी।”
यह मामला न सिर्फ पहचान चोरी, बल्कि सुरक्षा व्यवस्था में बड़ी चूक का उदाहरण माना जा रहा है। प्रशासन अब दस्तावेज़ सत्यापन प्रणाली की कमियों की भी समीक्षा कर रहा है, ताकि भविष्य में ऐसे गंभीर फर्जीवाड़े को रोका जा सके।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel