तमिलनाडु के करूर में अभिनेता विजय की चुनावी रैली के दौरान हुई भगदड़ में 41 लोगों की मौत के बाद आज विजय ने गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि अपने जीवन में उन्होंने कभी इतनी दर्दनाक स्थिति का सामना नहीं किया। विजय ने पीड़ित परिवारों के लिए 20 लाख रुपये की मुआवजा राशि पहले ही घोषित कर दी थी। आज जारी संदेश में उन्होंने निष्पक्ष और स्वतंत्र जांच की माँग करते हुए कहा कि सच्चाई सामने आनी चाहिए ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
इस बीच, भगदड़ मामले में पुलिस ने एक और गिरफ्तारी की है। गिरफ्तार शख्स पावुनराज टीवीके पार्टी के लिए झंडे और फ्लेक्स बैनर की व्यवस्था करता था। इससे पहले पश्चिमी जिला सचिव मथियाझागन को गिरफ्तार किया गया था। अब तक इस मामले में कुल दो गिरफ्तारियाँ हो चुकी हैं। दोनों को आगे की कानूनी प्रक्रिया के लिए अदालत में पेश किया जाएगा।
மக்கள் என் மீது வைத்துள்ள அன்புக்கும், பாசத்திற்கும் நான் என்றும் கடமைப்பட்டுள்ளேன்.
எனது வாழ்க்கையில் இதுபோன்ற வலி மிகுந்த தருணத்தை பார்த்தது இல்லை. – Thalapathy @TVKVijayHQ
— Actor Vijay Team (@ActorVijayTeam) September 30, 2025
यह हादसा 27 सितंबर को हुआ था, जब रैली के दौरान अचानक बिजली गुल हो गई और अफरातफरी मच गई। लोग एग्जिट गेट की तरफ दौड़े और भगदड़ में महिलाएँ व बच्चे भी कुचले गए। इस घटना में 41 लोगों की मौत हो गई और 110 लोग घायल हुए। घायलों में से अब तक 51 लोग रिकवर हो चुके हैं, जबकि बाकी का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
घटना की शुरुआत में जाँच करूर के डीएसपी सेल्वराज को सौंपी गई थी, लेकिन बाद में राज्य पुलिस नेतृत्व ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रेमानंद को उच्च स्तरीय जाँच का जिम्मा सौंपा। मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने हादसे पर गहरा दुख जताते हुए न्यायिक जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राहत कार्य जारी हैं और गैर-जिम्मेदाराना बयानबाजी केवल पीड़ित परिवारों के दुख को और बढ़ाएगी।
वहीं, विपक्षी अन्नाद्रमुक नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने सरकार को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि यह घटना प्रशासनिक विफलता को दर्शाती है। उन्होंने सवाल उठाया कि भीड़ नियंत्रण के लिए सुरक्षा प्रोटोकॉल क्यों लागू नहीं किए गए और द्रमुक सरकार से जवाबदेही की माँग की।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel