ढाका में बांग्लादेश एयरफोर्स का फाइटर जेट कॉलेज कैंपस पर क्रैश
बांग्लादेश वायु सेना का एक प्रशिक्षण विमान F-7 BGI सोमवार, 21 जुलाई को दोपहर लगभग 1:30 बजे ढाका के उत्तरा इलाके में माइलस्टोन स्कूल और कॉलेज के कैंपस में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस दर्दनाक हादसे में 16 बच्चों समेत कुल 19 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई अन्य घायल बताए जा रहे हैं।
घटना के तुरंत बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, क्रैश होते ही विमान में आग लग गई और घटनास्थल से ऊंचा धुआं उठता देखा गया। बांग्लादेश के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट दोपहर 1:06 बजे उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद हादसे का शिकार हो गया।
परेशान करने वाले दृश्य ⚠️
बांग्लादेश वायु सेना का एक FT-7BGI लड़ाकू जेट, जो चेंगदू J-7 का चीनी निर्मित संस्करण है, ढाका, बांग्लादेश में माइलस्टोन कॉलेज के उत्तरा परिसर के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया।#BangladeshAirForce | #FT7BGI | #FighterJetCrash | #DhakaCrash |… pic.twitter.com/kYZGTeKkB7
— One India News (@oneindianewscom) July 21, 2025
माइलस्टोन कॉलेज के एक शिक्षक ने बताया कि जब विमान कॉलेज की तीन मंजिला इमारत से टकराया, तो कई छात्र उसमें फंस गए। कॉलेज स्टाफ और शिक्षक तुरंत उन्हें बचाने दौड़े। कुछ ही देर में सेना और अग्निशमन विभाग की टीमें पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया।
बांग्लादेश के प्रमुख समाचार पत्र ‘प्रोथोम आलो’ और ‘द डेली स्टार’ की रिपोर्टों के अनुसार, चार घायलों को वायु सेना के हेलीकॉप्टर के जरिए संयुक्त सैन्य अस्पताल (CMH) भेजा गया है। हालांकि अब तक मृतकों की पहचान और पायलट की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
फायर सर्विस की ड्यूटी ऑफिसर लीमा खानम ने बताया कि आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 8 यूनिट मौके पर तैनात की गई थीं। घटनास्थल से एक शव बरामद किया गया है, और बाकी राहत व बचाव कार्य जारी है।
यह हादसा बांग्लादेश में सैन्य प्रशिक्षण और एयर सेफ्टी को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है, खासकर तब जब यह एक भीड़भाड़ वाले नागरिक क्षेत्र में हुआ और बच्चों को जान गंवानी पड़ी।