प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के आवास पर यूक्रेन के कथित ड्रोन हमले की खबरों पर गहरी चिंता जताई है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर पोस्ट करते हुए उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में दुश्मनी खत्म करने और शांति स्थापित करने का सबसे प्रभावी रास्ता कूटनीति ही है। पीएम मोदी ने सभी संबंधित पक्षों से अपील की कि वे शांति प्रयासों पर ध्यान केंद्रित रखें और ऐसे किसी भी कदम से बचें, जो इन्हें कमजोर कर सकता है।
पीएम मोदी ने अपने पोस्ट में लिखा, “रूस के राष्ट्रपति के आवास को निशाना बनाने की खबरों से हम बहुत चिंतित हैं। मौजूदा समय में जारी कूटनीतिक प्रयास दुश्मनी खत्म करने और शांति हासिल करने का सबसे अच्छा रास्ता हैं। हम सभी संबंधित पक्षों से आग्रह करते हैं कि वे इन कोशिशों पर ध्यान केंद्रित रखें और ऐसे किसी भी काम से बचें जो इन्हें कमजोर कर सकता है।” गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच लंबे समय से मैत्रीपूर्ण संबंध रहे हैं और दोनों नेता एक-दूसरे के प्रति गहरा सम्मान रखते हैं।
Deeply concerned by reports of the targeting of the residence of the President of the Russian Federation. Ongoing diplomatic efforts offer the most viable path toward ending hostilities and achieving peace. We urge all concerned to remain focused on these efforts and to avoid any…
— Narendra Modi (@narendramodi) December 30, 2025
प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब रूस ने दावा किया है कि यूक्रेन ने 91 लंबी दूरी के ड्रोनों के जरिए पुतिन के उत्तर-पश्चिमी रूस के नोवगोरोड क्षेत्र में स्थित कंट्री रेसिडेंस को निशाना बनाने की कोशिश की। रूस के अनुसार, यह घटना रविवार और सोमवार की मध्य रात्रि के बीच हुई।
रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ने एक टीवी बयान में कहा कि सभी ड्रोनों को रूसी वायु रक्षा प्रणाली ने समय रहते मार गिराया और किसी प्रकार का नुकसान नहीं हुआ। हालांकि, उन्होंने चेतावनी दी कि रूस के पास सही समय पर जवाब देने का पूरा अधिकार है। लावरोव ने इन कथित यूक्रेनी हमलों को कीव और उसके सहयोगियों द्वारा शांति वार्ता को पटरी से उतारने की कोशिश बताया।
लावरोव ने यह भी कहा कि मॉस्को यूक्रेन के साथ शांति वार्ता को लेकर अपने रुख की समीक्षा कर सकता है, लेकिन अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की टीम के साथ संवाद जारी रहेगा। उन्होंने जानकारी दी कि राष्ट्रपति पुतिन ने सोमवार को ट्रंप से फोन पर बातचीत कर उन्हें राष्ट्रपति आवास पर हुए कथित हमले के बारे में बताया।
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस मुद्दे पर प्रतिक्रिया दी। फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो रिसॉर्ट में इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से मुलाकात से पहले पत्रकारों से बात करते हुए ट्रंप ने कहा कि पुतिन ने उन्हें सुबह फोन कर बताया था कि यूक्रेनी ड्रोनों के एक झुंड ने उनके एक आवास को निशाना बनाया।
ट्रंप ने कहा, “आप जानते हैं कि मुझे यह किसने बताया? राष्ट्रपति पुतिन ने, सुबह-सुबह। उन्होंने कहा कि उन पर हमला किया गया। यह अच्छा नहीं है। मैं बहुत गुस्से में हूं।”हालांकि, उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि यह दावा गलत हो सकता है। ट्रंप ने कहा,“यह संभव है कि हमला हुआ ही न हो। हमला करना एक बात है, लेकिन किसी नेता के घर पर हमला करना बिल्कुल अलग बात है। इस समय ऐसा कुछ भी करना सही नहीं है।”
इस बीच, यूक्रेन ने रूस के सभी आरोपों का खंडन किया है। वहीं, क्रेमलिन के विदेश नीति सलाहकार यूरी उशाकोव ने रूसी टीवी चैनलों से बातचीत में कहा कि पुतिन ने ट्रंप को राष्ट्रपति आवास पर हुए कथित हमले की जानकारी दी थी और राष्ट्रपति ट्रंप इस खबर से हैरान रह गए थे।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel