मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के तराना तहसील क्षेत्र में एक हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ता की पिटाई के बाद इलाके में तनावपूर्ण हालात बन गए। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने थाने का घेराव किया और दुकानों के साथ-साथ वाहनों में भी तोड़फोड़ की। स्थिति को संभालने के लिए क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस प्रशासन का दावा है कि हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं, हालांकि तनाव बना हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, उज्जैन के तराना निवासी और बजरंग दल से जुड़े सोहेल ठाकुर पर गुरुवार शाम 10 से 15 युवकों ने कथित तौर पर हमला किया। हमलावरों को दूसरे समुदाय का बताया जा रहा है। घटना की खबर मिलते ही हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में मौके पर पहुंचे, जिसके बाद स्थिति और बिगड़ गई। आक्रोशित लोगों ने बस स्टैंड क्षेत्र में खड़ी बसों, अन्य वाहनों और दुकानों में तोड़फोड़ की।
मध्य प्रदेश | उज्जैन में विश्व हिंदू परिषद के नगर मंत्री सोहेल ठाकुर पर हमला, हालत गंभीर। वारदात के विरोध में इकट्ठा हुए हिंदू संगठनों का हंगामा। स्टैंड पर खड़ी 11 बसें तोड़ी। पुलिस ने बलपूर्वक उपद्रवियों को खदेड़ा। क्षेत्र में धारा 144 लागू। हमले में सप्पान मिर्जा, ईशान मिर्जा,… pic.twitter.com/rewVtdAFyv
— Sachin Gupta (@SachinGuptaUP) January 22, 2026
इस दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी मौके पर जुट गए और दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ। हालात बिगड़ते देख पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ और बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को मौके पर भेजा गया। उज्जैन के पुलिस अधीक्षक प्रदीप शर्मा ने बताया कि तराना बस स्टैंड क्षेत्र में पर्याप्त पुलिस बल तैनात है और स्थिति शांतिपूर्ण है, लेकिन एहतियात के तौर पर सतर्कता बरती जा रही है।
हमले में घायल बजरंग दल कार्यकर्ता सोहेल ठाकुर को पहले नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल उज्जैन जिला अस्पताल में उनका इलाज जारी है। सोहेल ठाकुर का आरोप है कि वह संघ कार्यालय के बाहर बैठे थे, तभी 10–15 युवक आए और लोहे की रॉड से उनके सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गए।
पीड़ित का कहना है कि उनके ऊपर हमला होते देख उनके भाई मौके पर पहुंचे, जिसके बाद हमलावर वहां से फरार हो गए। सोहेल ठाकुर ने इस हमले के पीछे लव जिहाद से जुड़े मामलों को कारण बताते हुए आरोप लगाया कि हमलावर लंबे समय से उन्हें निशाना बनाने की योजना बना रहे थे। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel