पंजाब की मोहाली पुलिस को कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया हत्याकांड में बड़ी सफलता हाथ लगी है। लालड़ू इलाके में पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ के दौरान इस मामले का मुख्य आरोपी हरपिंदर उर्फ मिड्डू मारा गया। एसएएस नगर पुलिस को आरोपी की मौजूदगी की गुप्त सूचना मिली थी, जिसके आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में घेराबंदी की।
पुलिस के अनुसार, जब टीम ने हरपिंदर को पकड़ने की कोशिश की तो उसने भागने का प्रयास किया और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोलियों से आरोपी हरपिंदर मारा गया। इस दौरान पीछा करने और मुठभेड़ के समय पुलिस का एक जवान भी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
आरोपी हरपिंदर उर्फ मिड्डू तरनतारन जिले के नौशेरा पन्नुआं गांव का रहने वाला था। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह एक शातिर अपराधी था और उस पर पहले से ही कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज थे। मोहाली में हुए चर्चित कबड्डी खिलाड़ी राणा बलाचौरिया हत्याकांड में वह मुख्य संदिग्ध के तौर पर वांछित था।
गौरतलब है कि 15 दिसंबर की शाम मोहाली के सोहाना इलाके में आयोजित एक निजी कबड्डी टूर्नामेंट के दौरान 30 वर्षीय कबड्डी खिलाड़ी कंवर दिग्विजय सिंह उर्फ राणा बलाचौरिया की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल राणा को तुरंत फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जांच में सामने आया था कि इस हत्याकांड को शूटर आदित्य कपूर और करन पाठक ने अंजाम दिया था। पुलिस के मुताबिक इस वारदात में कुल चार आरोपियों की संलिप्तता सामने आई थी। मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel