महात्मा और बिच्छू की कहानी तो आपने जरूर सुनी होगी। एक महात्मा पानी से बिच्छू को निकालने की कोशिश करते हैं, लेकिन बिच्छू बार-बार डंक मारता रहता है। लोग कहते हैं कि इसे पानी में ही छोड़ दीजिए, तो महात्मा जवाब देते हैं कि डंक मारना बिच्छू की फितरत है और मेरी फितरत बचाना है। यही सोचकर वह बिच्छू को बाहर निकाल लेते हैं।
अब बात करते हैं बिहार की राजनीति की। हाल ही में कॉन्ग्रेस के मंच से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की माँ को लेकर अभद्र टिप्पणी की गई थी। बवाल मचने के बाद लगा कि शायद कॉन्ग्रेस इससे सबक लेगी और आगे इस तरह की हरकतें नहीं करेगी। लेकिन ऐसा लगता है कि कॉन्ग्रेस भी बिच्छू की तरह अपनी आदत से मजबूर है।

इस बार पार्टी ने प्रधानमंत्री से भी आगे बढ़कर पूरे बिहार का अपमान कर दिया। दरअसल, कॉन्ग्रेस की केरल इकाई ने X पर एक पोस्ट किया, जिसमें बिहार की तुलना बीड़ी से करते हुए लिखा गया—“बीड़ी और बिहार ‘बी’ से शुरू होता है। अब इसे पाप नहीं माना जा सकता।” यह टिप्पणी बीड़ी पर कम किए गए GST से जोड़कर की गई थी।
जाहिर है, यह पोस्ट बिहार और बिहारियों का सीधा अपमान था। बीजेपी और जेडीयू ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। बिहार के उपमुख्यमंत्री और बीजेपी नेता सम्राट चौधरी ने कहा, “पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी की पूजनीय माता जी का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान। यही है कॉन्ग्रेस का असली चरित्र, जो बार-बार देश के सामने उजागर हो रहा है।”
पहले हमारे माननीय प्रधानमंत्री श्री @narendramodi जी की पूजनीय माता जी का अपमान और अब पूरे बिहार का अपमान — यही है कांग्रेस का असली चरित्र, जो बार-बार देश के सामने उजागर हो रहा है। pic.twitter.com/VvliP16tTJ
— Samrat Choudhary (@samrat4bjp) September 5, 2025
वहीं, जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद संजय झा ने भी तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा, “कॉन्ग्रेस की एक और अत्यंत शर्मनाक हरकत! B से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है! B से बजट भी होता है, जिसमें बिहार को विशेष सहायता मिलने पर आपको मिर्ची लगती है।” उन्होंने आगे लिखा कि बिहार की जनता इसका जवाब “बीड़ी के धुएँ से नहीं, वोट की चोट से” देगी।
कांग्रेस की एक और अत्यंत शर्मनाक हरकत!
आपको बता दें कि B से सिर्फ बीड़ी नहीं, बुद्धि भी होती है, जो आपके पास नहीं है!
B से बजट भी होता है, जिसमें बिहार को विशेष सहायता मिलने पर आपको मिर्ची लगती है।#बिहार का मजाक बनाने की नीचता कर कांग्रेस ने न केवल बिहारवासियों का फिर से अपमान… pic.twitter.com/y6Z4Qj3Yua
— Sanjay Kumar Jha (@SanjayJhaBihar) September 5, 2025
वोट बैंक पर असर को देखते हुए केरल कॉन्ग्रेस ने यह पोस्ट तुरंत डिलीट कर दिया और एक माफीनामा जारी किया। हालांकि, माफी भी आधी-अधूरी और चुनावी स्टंट जैसी लगी। पार्टी ने लिखा, “GST दरों को लेकर मोदी के चुनावी हथकंडे पर हमारे तंज को तोड़-मरोड़कर पेश किया जा रहा है। अगर आपको ठेस पहुँची हो तो क्षमा करें।”
यह कोई पहली बार नहीं है जब कॉन्ग्रेस या उसके सहयोगियों ने बिहार और बिहारियों को लेकर अपमानजनक टिप्पणियाँ की हों। इससे पहले कॉन्ग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी, रेवंत रेड्डी, और सहयोगी DMK प्रमुख एमके स्टालिन भी बिहारियों पर विवादित बयान दे चुके हैं। यह सिलसिला बताता है कि बिहार और उसकी जनता का अपमान करना इनके लिए नई बात नहीं है।