राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने लव जिहाद और धर्मांतरण को सामाजिक सद्भाव के लिए गंभीर खतरा बताते हुए इन घटनाओं को रोकने की जरूरत पर जोर दिया। संघ के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने कहा कि जबरदस्ती, प्रलोभन या धोखे से किया गया धर्मांतरण उचित नहीं है, क्योंकि इससे समाज में अशांति फैलती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन्हें हर हाल में रोकना संघ का लक्ष्य है। आंबेकर के मुताबिक यह एक लंबी प्रक्रिया है, लेकिन जल्द ही इसके समाधान के अनुकूल परिस्थितियाँ बनेंगी।
ये बातें उन्होंने जोधपुर में आयोजित तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक के समापन के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहीं। बैठक में शिक्षा, सामाजिक चुनौतियों, आंतरिक सुरक्षा और संघ की आगामी योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
#RSS की तीन दिवसीय अखिल भारतीय समन्वय बैठक के संपन्न होने के पश्चात आयोजित पत्रकार वार्ता में अ.भा. प्रचार प्रमुख श्री सुनील आंबेकर जी ने धर्मांतरण,लवजिहाद पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि "धर्मांतरण और लव जिहाद पूर्णतया अनुचित है,इससे समाज में बढ़ते उपद्रव गंभीर चिंता का विषय है" pic.twitter.com/azsiFHYaH0
— विश्व संवाद केंद्र,जोधपुर प्रान्त (@samvadJodhpur) September 8, 2025
चुनाव और शिक्षा पर चर्चा
आंबेकर ने सबसे पहले चुनाव आयोग की स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) पहल का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की रीढ़ हैं और SIR से मतदाता सूची की पारदर्शिता व विश्वसनीयता बढ़ती है। बैठक में राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के क्रियान्वयन पर भी चर्चा हुई। इसमें सामने आई चुनौतियों और अनुभवों को साझा किया गया। संघ से जुड़े शैक्षिक संगठनों ने कहा कि प्राथमिक से उच्च शिक्षा तक मातृभाषा को बढ़ावा देने, भारतीय भाषाओं को सम्मान दिलाने, किताबों का पुनर्लेखन, शिक्षक प्रशिक्षण और भारतीय ज्ञान परंपरा को पाठ्यक्रम में शामिल करने पर काम चल रहा है। आंबेकर ने स्पष्ट किया कि अंग्रेजी का विरोध नहीं है, लेकिन भारतीय भाषाओं को शिक्षा और शासन में उचित स्थान मिलना चाहिए।
सामाजिक परिस्थितियाँ और चुनौतियाँ
बैठक में पंजाब में युवाओं में फैलते नशे और धर्मांतरण पर चिंता जताई गई। संघ और उसके सहयोगी संगठन नशा मुक्ति अभियान और समाज जागरण कार्यक्रम चला रहे हैं। पश्चिम बंगाल में बांग्लादेश से हो रही घुसपैठ और कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की गई। आंबेकर ने कहा कि अपराध और घुसपैठ की घटनाएँ आम लोगों के लिए बड़ी चुनौती बन गई हैं।
#WATCH | @RSSorg की जोधपुर में चल रहे अखिल भारतीय समन्वय बैठक के आखिरी दिन अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने प्रेस वार्ता को संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि भारतीय समन्वय बैठक के दौरान पंजाब में बढ़ रहे मतांतरण पर चिंता व्यक्त की गई। साथ ही बंगाल में घुसपैठ को रोकने की… pic.twitter.com/F7TxlyJNGL
— PB-SHABD (@PBSHABD) September 7, 2025
पूर्वोत्तर और जनजातीय क्षेत्र
पूर्वोत्तर राज्यों के संदर्भ में आंबेकर ने कहा कि वहाँ हिंसा में कमी आई है और विकास के नए अवसर खुल रहे हैं। मणिपुर की हाल की घटनाओं के बाद संघ ने संवाद और सामंजस्य पर बल दिया है। उन्होंने गृह मंत्रालय की पहल, जैसे राजमार्गों का फिर से खुलना, को सकारात्मक संकेत बताया। जनजातीय इलाकों को लेकर चर्चा में कहा गया कि नक्सली और माओवादी हिंसा में कमी आई है, लेकिन अभी भी भ्रम फैलाने की कोशिशें जारी हैं। वनवासी कल्याण आश्रम द्वारा शिक्षा और छात्रावास की दिशा में किए गए कार्यों का भी उल्लेख किया गया।
महिला और युवा भागीदारी
आंबेकर ने बताया कि महिला कार्यकर्ताओं की भागीदारी लगातार बढ़ रही है। ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत महिला कार्यकर्ताओं ने 887 कार्यक्रम आयोजित किए। क्रीड़ा भारती जैसे संगठनों के माध्यम से महिला खिलाड़ियों को योग और अध्ययन से जोड़ा जा रहा है।
संघ शताब्दी की तैयारी
बैठक में संघ शताब्दी वर्ष की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। इसका औपचारिक शुभारंभ 2 अक्टूबर 2025 को नागपुर से होगा। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण, कुटुंब प्रबोधन और नागरिक कर्तव्य जैसे विषयों पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।