फिल्म डायरेक्टर रोहित शेट्टी के मुंबई स्थित घर पर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने मुख्य शूटर को राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को मुंबई लाया जा रहा है और संभावना है कि पुलिस उसे आज कोर्ट में पेश कर रिमांड की मांग करेगी।
स्कूटी से पहुंचे थे शूटर? पुलिस ने किया सीन रीक्रिएट
जांच के दौरान पुलिस ने पुणे से मुंबई तक स्कूटी लाने के पूरे घटनाक्रम को रीक्रिएट किया। इस प्रक्रिया में चार आरोपियों — स्वप्निल सकट, आदित्य गायकी, सिद्धार्थ येनपुरे और समर्थ पोमाजी — को साथ रखा गया।
पुलिस ने स्कूटी खरीदने से लेकर सड़क मार्ग से मुंबई लाने, रास्ते में रुकने की जगहों और विले पार्ले स्टेशन के बाहर पार्किंग तक हर चरण को दोहराया। इस रीक्रिएशन की वीडियोग्राफी भी की गई है, जिसे अदालत में सबूत के तौर पर पेश किया जाएगा।
पूछताछ में सामने आया कि स्कूटी मुंबई पहुंचने के बाद मुख्य आरोपी शुभम लोंकर ने आरोपियों को कुल 51 हजार रुपये दिए — जिसमें 30 हजार रुपये स्कूटी के लिए और 21 हजार रुपये अन्य खर्च शामिल थे।
मकोका के तहत कार्रवाई, फरार आरोपियों की तलाश जारी
सूत्रों के मुताबिक, मामले के छठे आरोपी प्रवीण लोनकर को जेल से जल्द हिरासत में लिया जाएगा। हालांकि मुख्य शूटर का साथी अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों पर मकोका एक्ट लगाया गया है और जांच तेजी से आगे बढ़ रही है।
हमारी यूट्यूब चैनल को लाइक, शेयर और सब्सक्राइब करे
Like, Share and Subscribe our YouTube channel